Kanpur Dehat: झोलाछाप की क्लीनिक कराई सील, चार हॉस्पिटल और एक पैथोलॉजी में डाला ताला
असालगंज में किशोर की मौत के बाद एसीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक और पुलिस के साथ बड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत अवैध क्लीनिक सील किया गया है। साथ ही, चार अस्पतालों और एक पैथोलॉजी में ताला बंद करा दिया गया है।
विस्तार
कानपुर देहात के असालतगंज में बुधवार को झोलाछाप के उपचार से एक किशोर की मौत के बाद गुरुवार को एसीएमओ ने पुलिस के साथ रसूलाबाद क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने आरोपी की क्लीनिक सील कराई। वहीं, चार हॉस्पिटल व एक पैथोलॉजी में ताला बंद करा दिया।
किशोर की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एसीएमओ डॉ. एसएल वर्मा, सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पीयूष त्रिपाठी व पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को असालतगंज में सैनी मार्केट स्थित आरोपी झोलाछाप अमित पाल की क्लीनिक में छापा मारा।
यहां एसीएमओ ने क्लीनिक को सील करा दिया। इसके बाद टीम ने कानपुर रोड स्थित दृष्टि आई केयर, बेबो हॉस्पिटल, देव हॉस्पिटल, अभी हॉस्पिटल व झींझक रोड स्थित शिवशक्ति मेडीसेवा में छापा मारा। इनमें से कई जगह संचालक टीम की भनक पाकर मौके से चले गए, तो कुछ अस्पताल बंद मिले।
इस पर एसीएमओ ने चार अस्पतालों व एक पैथोलॉजी में ताला बंद करा दिया। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि जिले में अभियान चलाकर झोलाछापों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। असालतगंज में झोलाछाप की क्लीनिक सील करने के साथ चार हॉस्पिटल व एक पैथोलॉजी में ताला बंद करवाया गया है।
एक कमरे में चल रहे थे हॉस्पिटल
रसूलाबाद के बेबो व अभी हॉस्पिटल और शिवशक्ति मेडीसेवा एक बड़े हॉल में चल रहे थे। यहां एसीएमओ डॉ. एसएल वर्मा ने देखा कि हॉल में ही बेड़ पड़े हुए हैं। इस पर उन्होंने मौके पर मिले कर्मचारियों को फटकार लगाई।
बिना लाइसेंस चल रहा मेडिकल स्टोर सील
वहीं, भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के सट्टी स्थित मंसूरी मेडिकल स्टोर पर गुरुवार शाम औषधि निरीक्षक रेखा सचान ने छापा मारा। यहां संचालक पंजीकरण के कागज नहीं दिखा सका। छापेमारी के दौरान मौके से 50 हजार की दवाएं मिली। इस पर मेडिकल स्टोर सील कर एक दवा का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है।