Etawah: पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली…गिरफ्तार; SHO की जैकेट पर लगी गोली, एक आरोपी फरार
Etawah News: बकेवर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शातिर चोर अवरार को गिरफ्तार किया है, जिसने सरकारी स्कूल में चोरी की थी। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली एसएचओ की जैकेट पर लगी। पुलिस अब फरार गोलू कठेरिया की तलाश कर रही है।
विस्तार
इटावा जिले में बकेवर पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक शातिर अपराधी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। वहीं एक आरोपी फरार हो गया आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए ऑटो, एक तमंचा, कारतूस, बिजली का बैटरा, इन्वर्टर, दो पंखे और एक गैस सिलेंडर बरामद किया है। सीओ भरथना रामबदन मौर्य ने बताया कि गुरुवार रात बकेवर थाना क्षेत्र के निवीड़ीकला के पास पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक ऑटो आता दिखाई दिया।
उसे रोकने का प्रयास करने पर ऑटो सवारों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पुलिस ने पीछा करते हुए ऑटो को घेरने का प्रयास किया। इस दौरान ऑटो सवारों ने फिर से फायरिंग की, जिसमें एक गोली थानाध्यक्ष बकेवर के बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली आरोपी अवरार निवासी लुधपुरा थाना जसवंतनगर के दाहिने पैर में लगी, जिसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
एक आरोपी फरार, पुलिस की तलाश जारी
पुलिस के हत्थे चढ़े अवरार ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी गोलू कठेरिया के साथ मिलकर सुनवर्षा गांव के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय की लाइब्रेरी का ताला तोड़कर वहां से इन्वर्टर, बैटरा, पंखे और गैस सिलेंडर चोरी किया था। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त गोलू कठेरिया अंधेरे और कोहरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
आपराधिक इतिहास खंगाला
सीओ भरथना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अवरार का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ इटावा के विभिन्न थानों में चोरी, लूट और शस्त्र अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है।
ग्रामीणों की मांग- वन विभाग गश्त बढ़ाए
ग्रामीणों का कहना है कि बीहड़ क्षेत्र से सटे गांवों में जंगली जानवरों का प्रवेश बढ़ता जा रहा है, लेकिन वन विभाग की तत्परता नदारद है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग गश्त बढ़ाए और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में किसी की जान-माल का नुकसान न हो।