Etawah: पुलिया के पास युवक का शव पड़ा मिला, सिर और मुंह कुचला हुआ था, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
Etawah News: भरथना कस्बे के पीपरीपुर गांव के सामने पुलिया की नाली में युवक का कुचला हुआ शव पड़ा मिला है। मृतक के पिता ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार शाम को हुई लड़ाई के चलते गांव के ही एक युवक ने हत्या की है।
विस्तार
इटावा जिले के भरथना कस्बे में पीपरीपुर गांव के सामने बंबे की पुलिया के पास युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक का सिर और मुंह कुचला हुआ था। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी ईंट या किसी भारी चीज से कुचलकर हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस और फॉरेंसिक ने साक्ष्य जुटाए हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह पीपरीपुर गांव के लोग खेत पर आए थे।
उन्होंने पुलिया की नाली में युवक का शव पड़ा देखा, तो हड़कंप मच गया। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। लोगों ने युवक की पहचान युवक की पहचान मोहित (28) निवासी तुर्कपुरा के रूप में हुई। सूचना पर एसपी देहात श्रीशचंद्र, सीओ अतुल प्रधान, प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की।
किसी बात को लेकर हुई थी लड़ाई
वहीं, फॉरेंसिक ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पिता रामशंकर ने गांव के ही एक युवक पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पिता ने बताया कि उक्त युवक से बेटे की शुक्रवार शाम को किसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी। आशंका है कि उसी ने हत्या कर दी। पिता ने बताया कि मोहित पल्लेदारी का काम करता था। वह भी पल्लेदारी करते हैं। एसपी देहात ने बताया कि युवक का शव मिला है। जांच की जा रही है।