इटावा हादसा: हाईवे पर ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत और पत्नी-बेटी घायल, चालक को हिरासत में लिया
Etawah News: आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
इटावा जिले में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार सुबह रेखा पैलेस के पास सर्विस रोड मंडी कट पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में उसकी पत्नी और दो साल की बेटी घायल हो गईं। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
बकेवर कस्बा निवासी सुमित कुमार (28) मंगलवार सुबह अपनी पत्नी अनुष्का (26) और दो साल की बेटी लाडो के साथ बाइक से जा रहे थे। वे रेखा पैलेस के पास सर्विस रोड मंडी कट पर पहुंचे, तभी ट्रक ने उनकी बाइक में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
ट्रक चालक को हिरासत में लिया
हादसे में सुमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी अनुष्का और बेटी लाडो घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। वहीं, मृतक सुमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर मंडी चौकी पर खड़ा करा दिया है। ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है।