अकेली एक कंपनी नहीं रोक सकती बेकाबू AI: सैम ऑल्टमैन ने कर्मचारियों को बताए सुरक्षा के तीन उपाय, जानें क्या कहा

जागृति शुक्ला
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीजागृति शुक्ला
Tue, 20 Oct 2026 04:44 PM IST
सार

ओपनएआई के सीईओ ने अपनी कंपनी के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एआई सुरक्षा पर एक बड़ा बयान दिया है। ऑल्टमैन का मानना है कि बेहद एडवांस्ड एआई को खतरनाक या बेकाबू होने से रोकने के लिए सिर्फ किसी एक कंपनी का प्रयास कभी काफी नहीं होगा। इसके साथ ही, उन्होंने एडवांस्ड एआई को तबाही का जरिया बनने से बचाने के लिए दुनिया के सामने तीन संभावित विकल्प भी रखे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि सैम ऑल्टमैन का इसपर क्या कहना है...

Preventing Dangerous AI, OpenAI CEO Sam Altman Calls Global Safety Alliance
सैम ऑल्टमैन, सीईओ, ओपनएआई - फोटो : एएनआई

    विस्तार

    जैसे-जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एआई का विस्तार हो रहा है, वैसे-वैसे इसके खतरनाक नतीजे भी सामने आ रहे हैं। इसी चिंता के बीच ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने अपने कर्मचारियों के साथ एक बैठक की। एक रिपोर्ट के अनुसार, ऑल्टमैन ने साफ किया कि एडवांस्ड एआई को किसी बड़े संकट में बदलने से रोकने के लिए केवल एक कंपनी का प्रयास कभी काफी नहीं होगा।

    उन्होंने तर्क दिया कि एआई के विकास को धीमा करने के व्यावहारिक रास्ते बहुत कम हैं, इसलिए अब यह सुनिश्चित करना सबसे जरूरी है कि इसका अंतिम नियंत्रण हमेशा इंसानों के हाथ में ही रहे।

    एआई सुरक्षा के लिए सैम ऑल्टमैन के तीन प्लान क्या हैं?

    1. IAEA जैसी अंतरराष्ट्रीय संस्था

    कंपनी के सीईओ के अनसुार, पहले विकल्प में अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) की तर्ज पर एक वैश्विक संगठन बनाने का विचार है। यह संस्था एडवांस्ड एआई के लिए सुरक्षा मानक तय कर सकती है और उनके पालन की निगरानी कर सकती है। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अमेरिका और चीन जैसे प्रमुख देशों के बीच सहयोग जरूरी हो सकता है।

    2. CERN की तरह साझा एआई रिसर्च संस्था

    दूसरे विकल्प में बड़ी एआई कंपनियां मिलकर एक साझा संस्था के तहत काम कर सकती हैं। इसका विचार सीईआरएन जैसी अंतरराष्ट्रीय रिसर्च संस्था से जुड़ा है, जहां कई देश मिलकर वैज्ञानिक अनुसंधान करते हैं। ऑल्टमैन के बताए मॉडल में यह साझा संगठन सहयोग करने वाले देशों के लिए एआई मॉडल विकसित कर सकता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ऐसी संस्था का अंतिम स्वरूप क्या होगा।

    3. एक कंपनी के हाथ में AI का नियंत्रण

    • तीसरे विकल्प में कोई एक एआई कंपनी इतनी आर्थिक और तकनीकी ताकत हासिल कर ले कि दूसरी कंपनियों को जरूरी कंप्यूटिंग संसाधन न मिल सकें। इससे संभावित रूप से खतरनाक एआई सिस्टम बनाने की उनकी क्षमता सीमित हो सकती है।
    • ऑल्टमैन ने इस विचार को एआई सुरक्षा शोधकर्ता एलिएजर युडकोव्स्की के नाम पर एलिएजर प्लान कहा, लेकिन उन्होंने इसका समर्थन नहीं किया। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा, Obviously I think that one’s terrible. यानी वह इस विकल्प को बेहद खराब मानते हैं।

    AI सुरक्षा को लेकर क्यों बढ़ रही है चिंता?

    • दरअसल, एडवांस्ड एआई मॉडल की क्षमताएं बढ़ने के साथ उनके दुरुपयोग, साइबर हमलों और सुरक्षा नियंत्रणों को दरकिनार करने के मामले भी बढ़ रहे हैं। ओपनएआई ने अगस्त 2026 में बताया था कि जुलाई में आंतरिक साइबर सुरक्षा परीक्षण के दौरान उसके कुछ मॉडल सुरक्षा नियंत्रणों को पार कर ओपनएआई के रिसर्च इंफ्रास्ट्रक्चर और हगिंग फेस के सिस्टम तक पहुंच गए थे। कंपनी ने इसे एआई सुरक्षा के लिए चेतावनी बताया था।
    • इसी बीच ओपनएआई में तीन शोधकर्ताओं को निकालने के मामले ने भी कंपनी की सुरक्षा से जुड़े सवालों को चर्चा में ला दिया। कंपनी ने कहा कि कार्रवाई संवेदनशील जानकारी से जुड़ी नीतियों के उल्लंघन के कारण हुई, जबकि संबंधित शोधकर्ताओं ने अलग दावा किया। इस विवाद को एआई सुरक्षा पर व्यापक बहस से जोड़कर देखा जा रहा है।
    • ऑल्टमैन का कहना है कि एआई विकास की रफ्तार को सुरक्षित सीमा में रखने के व्यावहारिक प्रस्ताव अभी कम हैं। उनके अनुसार, तकनीक पर इंसानों का नियंत्रण बनाए रखना और ताकत को एक ही कंपनी के हाथों में केंद्रित होने से रोकना अहम है।

    अमेरिका में एआई कंपनियों की निगरानी के लिए क्या हो रहा है?

    • अमेरिका में एडवांस्ड एआई विकसित करने वाली कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी को लेकर भी काम चल रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, ओपनएआई, एंथ्रोपिक और गूगल स्टैंडर्ड एथॉरिटी फॉर फ्रंटियर एआई नाम के समूह पर काम कर रहे हैं। इसका उद्देश्य स्वतंत्र मूल्यांकनकर्ताओं, सुरक्षा प्रक्रियाओं और सुरक्षा संबंधी घटनाओं की रिपोर्टिंग के लिए मानक विकसित करना है। हालांकि, कंपनियों के बीच इस बात पर मतभेद हैं कि AI मॉडल की सुरक्षा और क्षमताओं की जांच कौन करे।
    • ऑल्टमैन ने यह भी माना कि ओपनएआई प्रतिस्पर्धियों से पीछे नहीं रह सकती। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी को अगले साल तक यह तय करना होगा कि AI सुरक्षा के इन संभावित रास्तों में से किसका समर्थन करना है। फिलहाल इनमें से किसी विकल्प को ओपनएआई की अंतिम नीति घोषित नहीं किया गया है।
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें