Etawah Accident: स्लीपर बस डिवाडर से टकराकर दूसरी साइड की सर्विस रोड पर पहुंची, चालक समेत सात सवारियां घायल
Etawah News: बकेवर थाना क्षेत्र में चालक को झपकी आने से स्लीपर बस डिवाडर से टकराकर दूसरी साइड की सर्विस रोड पर पहुंच गई। हादसे में चालक समेत सात सवारियां घायल हो गईं।
विस्तार
इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के सुबह आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर सुनवर्षा के पास चालक को झपकी आने से स्लीपर बस डिवाइडर से टकरा गई। बस डिवाइडर पर चढ़कर दूसरी साइड में जाकर सर्विस रोड के डिवाइडर पर जा लटकी। हादसे में चालक समेत करीब सात सवारियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बस दिल्ली से जनपद हमीरपुर जा रही थी। हादसा सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। पुलिस व एनएचएआई की टीम ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। फायर सर्विस की टीम भी मौके पर पहुंची। बस में फंसे चालक को काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला जा सका। दिल्ली से हमीरपुर जा रही स्लीपर बस के चालक पंकज पुत्र भगवत प्रसाद को नींद की झपकी आ गई।
घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया
इसके चलते बस बीच के डिवाइडर से टकराकर दूसरी साइड की सड़क पर पहुंच गई। इसके कारण चालक पंकज स्टेयरिंग में फंस गया था, जो घायल हो गया था। मौके पर पहुंचीं बकेवर थाना पुलिस व एनएचएआई की टीम ने हाईवे क्रेन मंगवाकर निकलवाया गया। जिला अस्पताल हाईवे एम्बुलेंस से भिजवाया गया। बस में यात्रा कर रही सात सवारियां भी घायल हो गईं। घायलों को सीएचसी महेवा लाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
बस को क्रेन से हटवाकर यातायात शुरू करवाया
पुलिस ने डिवाइडर पर लटकी बस को हाईवे क्रेन से हटवाकर वाहनों का आवागमन जारी कराया। थाना प्रभारी बकेवर भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि स्लीपर बस दिल्ली से हमीरपुर जा रही थी। चालक को झपकी आने से डिवाइडर से टकराकर दूसरी साइड में सर्विस रोड के डिवाइडर से जा टकराई थी। चालक सहित सात सवारी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल भिजवाया गया है।