कानपुर देहात। नवप्रवर्तक एवं पारंपरिक प्रणालियों के माध्यम से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रयास के लिए अकबरपुर महाविद्यालय के बीएड विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विकास मिश्रा को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने उन्हें मेडल व प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की संस्था राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद की ओर से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार के क्षेत्र में कार्य करने वाले भारतीय नागरिकों को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार से नवाजा जाता है। डॉ. विकास मिश्रा ने बताया कि वह 20 साल से विज्ञान एवं तकनीकी संचार के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। कठपुतली, नुक्कड़ नाटक, प्रयोग प्रदर्शन, व्याख्यान आदि से विज्ञान संचार के जरिये एक लाख से अधिक विद्यार्थियों में वैज्ञानिक तथ्यों के प्रति जागरूकता लाने का काम किया है। विज्ञान जागरूकता मेला के माध्यम से कानपुर नगर, सीतापुर, बाराबंकी आदि जिलों के शैक्षिक रूप से पिछड़े क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर चुके हैं। डॉ. विकास मिश्रा के राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर महाविद्यालय के शिक्षकों ने खुशी जताई है।