Kanpur: कुत्तों ने स्कूटी सवार महिला को दौड़ाया, सड़क पर गिरी…सिर पर चोट लगने से मौत, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: काकादेव थाना क्षेत्र में कुत्तों ने स्कूटी सवार महिला को दौड़ा लिया। इससे महिला सड़क पर गिर गई और सिर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। हादसे के वक्त हेलमेट का हुक नहीं बंद था।
विस्तार
कानपुर में काकादेव थानाक्षेत्र के नवीननगर में मंगलवार रात स्कूटी सवार योगा टीचर को आवारा कुत्तों ने दौड़ा लिया। बचने के चक्कर में स्कूटी का संतुलन बिगड़ जाने से वह सड़क पर जा गिरी। हेलमेट का हुक न बंद होने की वजह से हादसे में सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बर्रा एक निवासी योगा टीचर अन्नपूर्णा चतुर्वेदी (54) घर-घर जाकर योगा सिखाती थीं। मंगलवार देर शाम वह नवीननगर में योगा सिखाने गई हुई थी। वापसी में गुरुगोविंद सिंह स्टेडियम के पास वह पहुंची ही थीं कि आवारा कुत्तों ने उन्हें दौड़ा लिया।
सिर में गंभीर चोट लगने से हुईं घायल
योगा टीचर घबरा गईं और उनका स्कूटी से संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूटी समेत स्टेडियम के किनारे बिखरे ईंटों पर जा गिरीं। सिर में गंभीर चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हैलट में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। डीसीपी सेंट्रल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।