Kanpur: दुबई में होटल खोलने के लिए 25 लाख की मांग, न देने पर पत्नी को दिया तलाक, पति और ससुरालियों पर रिपोर्ट
Kanpur Crime: जेबा ने कानपुर की फैमिली कोर्ट से अपने पति के खिलाफ गुजारे भत्ते की अपील दाखिल की। आरोप है कि 23 जुलाई को एक अज्ञात नंबर से जेबा को कॉल कर सुलाल ने तलाक दे दिया।
विस्तार
कानपुर में रावतपुर के रोशननगर निवासी महिला ने पति पर तलाक देने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप लगाया कि पति दुबई में होटल खोलने के लिए 25 लाख रुपये मायके से लाने का दबाव बना रहे थे। रोशननगर के बशीर का बगीचा निवासी अधिवक्ता जाकिर हुसैन ने अपनी बेटी डॉ. जेबा सिद्दीकी का निकाह 10 अक्तूबर 2017 को केरल के एपीजे नगर निवासी सुलाल वहीदा से की थी।
सुलाल दुबई में जॉब करते हैं। पति सुलाल, ससुर मोहम्मद सलेह, सास वहीदा, जेठ सलाम, जेठानी गीता विश्वकर्मा उर्फ अहाना ने मिलकर दुबई में होटल खोलने के लिए 25 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज लाने की मांग की। असमर्थता जताने पर ससुरालियों ने प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। जेबा को दुबई जाने पर पता चला कि पति के एक औरत से नाजायज संबंध हैं। जेबा ने विरोध किया तो पति ने पीट दिया।
फैमिली कोर्ट से पति के खिलाफ अपील दाखिल
मायके में ही 13 मार्च 2020 को जेबा ने बेटी को जन्म दिया। सूचना पर कानपुर पहुंचे पति ने होटल में रुक कर जेबा से मुलाकात की, लेकिन जेबा को अपने साथ रखने से इन्कार कर दिया। जेबा ने कानपुर की फैमिली कोर्ट से अपने पति के खिलाफ गुजारे भत्ते की अपील दाखिल की। आरोप है कि 23 जुलाई को एक अज्ञात नंबर से जेबा को कॉल कर सुलाल ने तलाक दे दिया।
पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज
डॉ. जेबा ने बताया कि उनका शौहर दुबई में करीब तीन लाख रुपए महीना कमाता है। इसके बाद भी एक रुपए खर्च नहीं देता है। निकाह के बाद से पूरा खर्चा पिता ही उठा रहे हैं। गुजारा-भत्ता का केस करने के बाद से ही शौहर ने सभी सीमाएं पार कर दी और फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। रावतपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।