12 घंटे इंतजार करती रही युवक की लाश, सोशल मीडिया पर लापरवाही वायरल होने से मचा हड़कंप
कैंट में 9 नवंबर को एक युवक गंभीर हालत में मिला था। पुलिस ने उसको केपीएम हास्पिटल में भर्ती कराया था। उसके सिर और कंधे में चोट के निशान था। उसके बेहोशी की हालत में होने से पहचान नहीं हो सकी। वह हास्पिटल में लावारिस पड़ा रहा। आरोप है कि उसके इलाज में हीलाहवाली की गई है। उसके कोई गंभीर चोट नहीं थी, लेकिन इलाज में लापरवाही से उसकी मौत हो गई। इसका प्रमाण यह था कि उसने बेड में ही बाथरूम कर दिया था, लेकिन किसी ने उसको साफ नहीं किया। उसकी मौत होने के बाद जब लाश से बदबू आने लगी।
कैंट पुलिस सुबह तक अस्पताल में नहीं पहुंची
तब सफाई कर्मियों ने मलमूत्र साफ कर फीलखाना पुलिस को जानकारी दी, लेकिन फीलखाना पुलिस ने यह कहकर पंचनामा भरने की मना कर दिया कि कैंट पुलिस ने उसे भर्ती कराया था। इसलिए कैंट पुलिस ही उसका पंचनामा भरेगी। इसके बाद कर्मियों ने कैंट पुलिस को जानकारी दी, लेकिन कैंट पुलिस सुबह तक अस्पताल में नहीं पहुंची। सुबह सोशल मीडिया में अस्पताल कर्मियों और पुलिस की लापरवाही वायरल होने से मामले ने तूल पकड़ लिया। आला अफसरों के संज्ञान में मामला आ गया। इसके बाद कैंट पुलिस ने हास्पिटल जाकर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम भेजा। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ज्योत्सना सक्सेना ने इलाज में हीलाहवाली से इंकार किया है।
उनका कहना है कि युवक का हर संभव इलाज किया गया। उसकी मौत के बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया था, लेकिन पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई थी। वहीं, कैंट इंस्पेक्टर का कहना है कि उनको सुबह युवक की मौत की जानकारी दी गई। इसके बाद उन्होंने तुरंत दरोगा को पंचनामा भरने के लिए अस्पताल भेज दिया।