Kanpur: पांच दिनों से लापता था पांच माह का मासूम, ईशन नदी में उतराता मिला शव, मामले को सुनकर सब हैरान
बिल्हौर थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां ईशन नदी में पांच माह के मासूम का शव उतराता मिला है। मृतक बच्चे के पिता ने बहन-बहनोई पर हत्याकर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है।
विस्तार
कानपुर में बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के मोहद्दीनपुर ग्राम पंचायत के लालूपुरवा गांव में पांच दिन पहले लापता पांच माह के मासूम का शव समीप ही स्थित ईशन नदी में उतराता मिला। पीड़ित मां-पिता ने मासूम के अपहरण की रिपोर्ट भी पुलिस में दर्ज कराई थी और अपने सगे बहन और बहनोई पर अपरहण का आरोप भी लगाया था।
पुलिस ने ईशन नदी से मासूम का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मोहद्दीनपुर ग्राम पंचायत प्रधान राजकुमार सिंह भदौरिया ने बताया कि पांच दिन पहले लालपुर गांव निवासी रिंकू निषाद का पांच माह का पुत्र संदिग्ध हालात में घर में खेलते हुए लापता हो गया था।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस ने 14 नवंबर 2022 को अपरहण की रिपोर्ट भी पंजीकृत कराई थी और पूरे गांव सहित आसपास इलाकों में गहनता से खोजबीन करते हुए बहन और बहनोई पर अपहरण का आरोप भी लगाया था। शुक्रवार को लापता पांच माह के मासूम सुशील का शव घर से 50 मीटर दूर पर स्थित ईशन नदी में उतराता दिखा।
इस पर ग्रामीणों ने मामले की सूचना तत्काल रिंकू और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे इंसपेक्टर बिल्हौर अतुल कुमार व ग्रामीणों ने नाव की मदद से शव को बाहर निकाला। शव देखते ही पिता और मां का रो-रोकर हाल बेहाल बना हैं। रिंकू और उनकी पत्नी राजकुमारी ने बहनोई देशराज व बहन सीता निवासी जिला उन्नाव पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
इंस्पेक्टर बिल्हौर ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया बच्चे के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं दिख रहे हैं पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।