Banda: रेलवे ट्रैक पर मिले युवक-युवती के शव, क्षत-विक्षत में पड़ी थी बॉडी, पुलिस बोली- दोनों करना चाहते थे शादी
Banda Crime: अतर्रा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर युवक और युवती के क्षत-विक्षत शव बरामद किए गए हैं। दोनों की शिनाख्त छिबाब गांव के रहने वालों के रूप में हुई। अपर एसपी के मुताबिक दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। शादी करना चाहते थे, लेकिन उनके परिजन तैयार नहीं थे।
विस्तार
बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में साथ जीने-मरने की कसम खाकर घर से निकले प्रेमी युगल का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था पर मिला। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने युवक-युवती के शव को कब्जे में ले लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत नगनेधी गांव के नजदीक रेलवे पटरियों पर प्रेमी जोड़े का शव मिला। आसपास के ग्रामीणों की सूचना पर कोतवाली के उप निरीक्षक राजेश मिश्रा और खुरहंड चौकी इंचार्ज वीरेंद्र त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय पुलिस ने आसपास मौजूद ग्रामीणों से पूछताछ के बाद दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने मृतक युवती रोशनी (18) उर्फ बुद्धि पुत्री शिवकुमार और मृतक युवक राकेश (25) पुत्र मुन्नीलाल निवासीगण ग्राम छिबाब के रहने वाले बताए हैं।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
खुरहंड चौकी इंचार्ज वीरेंद्र त्रिपाठी ने कहा मृतक युवक-युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। गांव में मृतकों के परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों प्रेमी-प्रेमिका बताए जा रहे हैं। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।