कानपुर: स्विच दबाते ही खंभे में उतरा करंट, चपेट में आकर महिला की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, जांच शुरू
Kanpur News: नरवल थाना क्षेत्र अंतर्गत अखरी गांव में दीपावली की रात बिजली के खंभे का स्विच दबाते समय करंट उतरने से महिला की दर्दनाक मौत हो गई। अंधेरे में पशुओं की आवाज सुनकर बाहर निकली महिला खंभे से चिपक गई थीं।
विस्तार
कानपुर में नरवल थाना क्षेत्र के अखरी गांव में दीपावली की रात बिजली के खंभे पर लगा स्विच दबाते ही शारदा देवी (45) करंट की चपेट में आ गईं। कटे तार के कारण खंभे में उतरे करंट से वह उससे चिपक गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। काफी देर तक पत्नी के घर न लौटने पर पति विनोद कुमार उन्हें देखने पहुंचे तो खंभे के पास बेसुध पड़ा देखकर चीख पड़े। अखरी गांव निवासी विनोद कुमार किसान हैं।
परिवार में पत्नी शारदा और तीन बेटे शैलेश, अभिषेक व निलेश हैं। बड़ा बेटा शैलेश निजी कंपनी में नौकरी करता है, जबकि दोनों छोटे बेटे पढ़ाई कर रहे हैं। शैलेश के मुताबिक, रविवार रात घर के बाहर बंधी गाय और भैंस अचानक तेज आवाज में चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर मां शारदा पशुओं को देखने बाहर निकलीं। वहां अंधेरा होने पर उन्होंने घर के बाहर लगे बिजली के खंभे पर लाइट जलाने के लिए स्विच दबाया।
परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली
आरोप है कि स्विच का तार कटा होने से खंभे में करंट उतर रहा था। स्विच दबाते ही वह करंट की चपेट में आ गईं। परिजन आनन फानन उन्हें सीएचसी नरवल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि करंट लगने से महिला की मौत हुई है। परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है।