कानपुर: सुलभ शौचालय के पास मिला मजदूर का शव, सात महीने से पत्नी से रह रहा था अलग, जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: बर्रा बाईपास स्थित सुलभ शौचालय के पास बृहस्पतिवार सुबह मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। पारिवारिक विवाद के चलते वह पिछले सात महीने से अपनी पत्नी और बच्चों से अलग रह रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
कानपुर में बर्रा बाईपास स्थित सुलभ शौचालय के पास बृहस्पतिवार सुबह तिलक राज (32) का शव पड़ा मिला। सड़क किनारे शव देखकर राहगीर की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कर परिजन को जानकारी दी, तो परिवार में चीख-पुकार मच गई। मजदूर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस ने दोपहर एक बजे शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कर्रही की नई बस्ती निवासी तिलक राज मजदूर था। उसके परिवार में पत्नी पूनम, दो बेटियां कृति, सृष्टि और बेटा शिवांश हैं। पत्नी के मुताबिक, करीब सात महीने पहले उनसे विवाद होने के बाद पति तिलक घर छोड़कर अपनी बहन जूही गौशाला निवासी सविता के साथ रहने लगे थे।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इसके बाद से पत्नी और बच्चे उससे अलग रह रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह पुलिस से परिजनों को बर्रा बाईपास पर युवक का शव मिलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचे परिजन ने उसकी पहचान तिलक राज के रूप में की। थाना प्रभारी क्षितिज कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
