साले की बारात में रौब गाठना पड़ा भारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के गांव नटपुरवा निवासी उमेश नट पुत्र राजाराम नट की ससुराल शाहजहांपुर जिले में हैं। शुक्रवार को उनके साले गोविंद की बारात मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के गांव नटनगला आई थी। उमेश अपनी लाइसेंसी राइफल लेकर बारात में आया था। दोपहर करीब 12.15 बजे वह रायफल लेकर शहर के जसमई तिराहे के पास घूम रहा था। जानकारी होने पर नगरीय निकाय उड़न दस्ता प्रभारी/खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशीष कुमार वर्मा ने उमेश को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। आशीष वर्मा ने उमेश के खिलाफ धारा 144 के उल्लांघन की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने राइफल और चार कारतूस जब्त कर उमेश को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि उमेश को थाने से ही जमानत पर छोड़ दिया जाएगा। इसके साथ ही राइफल का मुकदमा कोर्ट में चलेगा। कोर्ट के आदेश पर ही रायफल व कारतूस वापस लौटाए जाएंगे। इसके अलावा उड़नदस्ता की टीम ने शहर में कई जगह चेकिंग अभियान चलाया। इसमें कुछ भी निषेधात्मक सामग्री नहीं पकड़ी गई। नगर पंचायत और नगरपलिका के होने वाले चुनाव को लेकर जिले में धारा 144 लगा दी गई है। नगरीय क्षेत्र के आसपास के 10 किलोमीटर क्षेत्र में पड़ने वाले गांव के लाइसेंसधारियों के असलहे भी जमा करा लिए गए हैं। नगरों और 10 किमी परिधि में अस्त्र, शस्त्र लेकर घूमना भी वर्जित कर दिया गया है।