फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   CM's gesture-a-won, many losers

सीएम के इशारे-एक जीता, कई हारे

Sat, 12 Sep 2015 01:23 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर
अमर उजाला ब्यूरो, कानपुर Updated Sat, 12 Sep 2015 01:23 AM IST
विज्ञापन
CM's gesture-a-won, many losers

बिठूर में थीम पार्क का उद्घाटन सपा में बनते-बिगड़ते नए समीकरणों को दर्शा गया। मुख्यमंत्री के भाषण और संकेतों-इशारों ने नेताओं को उनकी अहमियत का एहसास करा दिया।

विज्ञापन


उन्होंने मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ बाजपेयी को अपने बगल में बैठाया, भाषण में कई बार उनका नाम लिया और इस अच्छे काम के लिए बुलाने पर उनको धन्यवाद भी दिया। वहीं बिठूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मुनींद्र शुक्ला को मंच पर कुर्सी ढूंढनी पड़ी और उन्हें बमुश्किल सबसे किनारे की सीट नसीब हुई।
विज्ञापन


वह मंच पर अलग-थलग नजर आए। यहां तक कि भाषण देने वाले नेताओं की सूची से भी उनका नाम अंतिम समय काट दिया गया। विधायक सतीश निगम, विधायक इंद्रजीत कोरी, विधायक इरफान सोलंकी भी मंच पर रहे। कांग्रेस विधायक अजय कपूर को भी मंच पर बैठे देख चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन


कुल मिलाकर पूरे कार्यक्रम में एक नेता की जीत कही गई, बाकी का अंदाजा सबने लगा लिया। विधानसभा चुनाव वर्ष 2017 में होने हैं लेकिन बिठूर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का गुणा भाग अभी से तेज हो गया। इसका नजारा शुक्रवार को थीम पार्क के उद्घाटन के दौरान देखने को मिला।

टिकट के दावेदार बताए जा रहे अमिताभ बाजपेयी युवाओं के फौज-फाटे के साथ पहुंचे। हर युवा की टी-शर्ट पर मुख्यमंत्री की फोटो थी और नाम अमिताभ का लिखा था। पूरा शहर पोस्टर, बैनर से पटा दिखा। मंधना से थीम पार्क तक जितने पोस्टर, बैनर लगे मिले, उसमें सबसे बड़ा नाम और फोटो अमिताभ का रहा।

वहीं, क्षेत्रीय विधायक मुनींद्र शुक्ला की छोटी तस्वीर, नाम कहीं-कहीं देखने को मिला। इसका असर भी कार्यक्रम में दिखा। मुख्यमंत्री के साथ अमिताभ के भी जयकारे लगे।  यही नहीं मुख्यमंत्री ने जब कंप्यूटराइज्ड बटन दबाकर थीम पार्क का उद्घाटन किया, तब भी मुनींद्र अपने स्थान पर दूर खड़े रहे।

मुख्यमंत्री के सामने स्थानीय नेताओं के बीच की तल्खी भी सामने आई। भाषणबाजी के दौरान अमिताभ ने कहा कि कुछ लोगों ने सीएम का कार्यक्रम निरस्त कराने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। उन्होंने भाषण के अंत में कहा ‘मुद्दई लाख बुरा चाहे, क्या होता है, वही होता है जो मंजूरे खुदा होता है।’

यह सुनकर सब लोग खुसफुस-खुसफुस करने लगे। कयास लगाए गए कि अमिताभ का इशारा मुनींद्र की तरफ था, क्योंकि पार्क की जमीन को लेकर जो भी विवाद चला, उसे हवा देने का आरोप मुनींद्र पर लगा था। पूरा कार्यक्रम समाप्त हो गया लेकिन क्षेत्रीय विधायक किनारे की सीट पर बैठे रहे।

आखिर में जब मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न दिया जा रहा था, तब सीएम ने इशारा करके मुनींद्र को पास बुलाया, फोटो खिंचवाई, किनारे हो गए। जिसको समझना था, समझ गए।

‘यूरोपियन कंट्री की तर्ज पर बना थीम पार्क’
मंधना-बिठूर रोड पर स्थित ब्लू वर्ल्ड थीम पार्क का उद्घाटन शुक्रवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया। साथ ही थीम पार्क बनाने वाले चेयरमैन प्रवीन कुमार मिश्रा को बधाई दी और कहा कि इस तरह के पार्क यूरोपियन कंट्री में देखने को मिलते हैं। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बिठूर के थीम पार्क पहुंचे। कंप्यूटराइज्ड बटन दबाकर पार्क को आम जनता के लिए खोलने का शुभारंभ किया। आम जनता के लिए पार्क रविवार से सुबह 11 से रात 8 बजे तक खुलेगा। एंट्री फीस 700 रुपये रखी गई है। यह पैकेज है, जिसमें सभी तरह के झूलों पर बैठकर आनंद लिया जा सकता है।

स्वीमिंग, वोटिंग और डाइविंग का लुत्फ भी उठाया जा सकता है। पार्क में नाश्ता, खाने की सुविधा भी है लेकिन इसका अलग से चार्ज देना होगा। थीम पार्क के चेयरमैन ने बताया कि कानपुर की पहचान ब्लू वर्ल्ड थीम पार्क से होगी।

अपनी ही सरकार में पिटे सपाई
कानपुर। थीम पार्क के अंदर जाने को लेकर भिड़े सपा लोहिया वाहिनी के नेताओं को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। वहीं बिना पास के पहुंचे तमाम पदाधिकारी भी पुलिस से भिड़ गए और खूब हो हल्ला मचाया। अपनी सरकार में पुलिस की पिटाई से झल्लाए सपाइयों ने कहा कि पुलिस का रवैया तानाशाही भरा है।

पुलिस की सख्ती से अपट्रान के चेयरमैन आत्म प्रकाश शुक्ला, नगर जिलाध्यक्ष मेहताब आलम, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव और कानपुर देहात जिलाध्यक्ष कल्लू यादव सहित तमाम नेता मंच तक नहीं पहुंच सके।

मुख्यमंत्री निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेने आए थे लेकिन सपाइयों ने इसे पार्टी का प्रोग्राम बना दिया। बड़ी संख्या में पहुंचे सपाइयों में सीएम को चेहरा दिखाने की होड़ लग गई। इससे व्यवस्था बिगड़ी और भगदड़ मच गई। इस आपाधापी में एक महिला, उसका बच्चा गिर गया। दोनों को चोटें भी आईं।

स्थिति संभालने को पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। लोहिया विहिनी जिलाध्यक्ष विनय गुप्ता का कहना है कि चुन-चुनकर लाल शर्ट पहने कार्यकर्ताओं को एक नेता के इशारे पर निशाना बनाया गया।

कानपुर नगर, देहात के अलावा औरैया, इटावा, कन्नौज और फर्रुखाबाद के नेता भी पहुंचे। मंच पर कैबिनेट मंत्री शिव कुमार बेरिया, डॉ. राम आसरे कुशवाहा, सभी विधायक, नीलम रोमिला सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे।

लाल-हरी टीशर्ट पर चटखारे
मंच से अमिताभ ने कहा कि कार्यक्रम में कुछ भाजपाई मानसिकता के लोग घुस आए हैं। यदि वह बदमाशी करें तो बहुत नहीं तो थोड़ा ‘प्रसाद’ दिया जा सकता है। इसी दौरान अमिताभ के नाम की टी-शर्ट पहने कुछ युवक मीडिया गैलरी में घुस आए। इस पर उन्होंने अनुशासन का पाठ पढ़ाया।

कहा कि जब चुनाव में गए थे, तब संघर्ष का प्रतीक लाल शर्ट-टोपी पहनी थी। अब सरकार अच्छा काम कर रही है, इसलिए खुशहाली मनाने का वक्त है। यही वजह है कि हरी टी शर्ट पहनकर युवा आए हैं।

कब्रिस्तान कब्जाने का आरोप, हंगामा
नेशनल ह्यूमन राइट कमेटी के लोगों ने कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाकर गौसिया जामा मस्जिद मंधना में हंगामा किया। बैठक में मोहम्मद हशमत अली शाह ने आरोप लगाया कि ब्लू वर्ल्ड में कब्रिस्तान की जमीन मिला ली गई है। वहीं कमेटी की बैठक में चेयरमैन उस्मान अली ने प्रशासन की भी निंदा की।

पुलिस ने भाजपाइयों पर किया लाठीचार्ज
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को विरोध में काले झंडे दिखाने शुक्रवार को मंधना पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। थीम पार्क की तरफ जा रहे लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।


सबको हिरासत में लेकर पुलिस लाइन पहुंचाया। सपाइयों ने भाग रहे भाजपाइयों को पीटकर अपने हाथ साफ किए । जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि यह सब मुख्यमंत्री के इशारे पर हुआ है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed