Chitrakoot: ट्रक से कुचलकर ननद-भाभी की मौत, अस्थि विसर्जन करने जा रहा था परिवार, जांच में जुटी पुलिस
Chitrakoot News: पिता की अस्थियां विसर्जित करने प्रयागराज जा रहे महोबा के परिवार की कार रैपुरा में पंचर हो गई। इस दौरान सड़क किनारे खड़ी ननद-भाभी को ट्रक ने रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।
विस्तार
चित्रकूट जिले में रैपुरा थाना क्षेत्र के बरेठी गांव मोड़ के पास मंगलवार की भोर एक ट्रक ने ननद-भाभी को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई। मृतका परिजनों के साथ महोबा से प्रयागराज संगम में अस्थियां विसर्जित करने जा रहीं थी। कार पंचर होने पर वहां पैदल दोनों महिलाएं बाथरूम करने जा रही थी। तभी घटना हुई है। महोबा जिले के बंधान बाढ़ निवासी त्रिभुवन प्रजापति ने बताया कि उसके पिता रामदीन (100) की 21 फरवरी को मौत हो गई थी।
सोमवार की रात को गांव से बड़े भाई खेमचंद्र, जगन, रामसहोदर, चाचा बरदानी, पत्नी रानी प्रजापति (45) व सुभाष नगर लौढ़ी रोड निवासी सरहज शिवकुमारी (46) के साथ पिता की अस्थि विजर्सन करने प्रयागराज के संगम के लिए निकले थे। मंगलवार की भोर करीब चार बजे रैपुरा थाना क्षेत्र के बरेठी मोड़ के पास कार पंचर हो गई। वहां कार का पहिया बदल रहे थे, तो उसकी पत्नी व सरहज पेशाब करने के लिए कुछ दूर जा रही थी।तभी कर्वी से प्रयागराज की ओर जा रहे ट्रक ने रौंद दिया।
तहरीर के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
इससे दोनों घायल हो गई। दोनों को एंबुलेंस से सीएचसी रामनगर ले जाया गया। वहां पत्नी रानी को मृत घोषित कर दिया और सरहज को रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने के पहले ही सरहज की भी मौत हो गई। त्रिभुवन ने बताया कि उसके एक बेटी अभिलाषा देवी, दो बेटा अमर प्रजापति व अमित हैं। वहीं सरहज के दो बेटी आकांक्षा व प्रतीक्षा देवी और एक बेटा अंकित है। सीओ राजकमल ने बताया कि सूचना पर पहुंचे, तब तक परिजन दोनों को लेकर चले गए थे। पता चला कि दोनों की मौत हो गई। ट्रक व चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।