चित्रकूट में बारिश का कहर: अचानक ढही कच्ची दीवार, पिता और दो मासूमों की मौत, मां-बेटी घायल, अस्पताल में भर्ती
Chitrakoot News: सदर तहसील क्षेत्र के बराछ गांव में लगातार हो रही बारिश के कारण एक कच्चा मकान ढह गया। पहाड़ी के नीचे बने इस घर में रात के समय सो रहे से पिता और दो मासूम बच्चों की मलबे में दबकर मौत हो गई। वहीं, मां और बेटी को अस्पताल पहुंचाया गया है।
विस्तार
चित्रकूट जिले में लगातार हो रही बारिश अब काल बनकर बरस रही है। सदर तहसील क्षेत्र के बराछ गांव में एक दर्दनाक हादसे में कच्ची दीवार ढहने से पिता और उसकी दो मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पत्नी और एक बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, बराछ गांव में पहाड़ी के नीचे कल्लू यादव (32) पुत्र बब्बू का कच्चा घर बना हुआ है।
बीती रात लगातार बारिश के चलते घर की कच्ची दीवार भरभरा कर गिर गई। हादसे के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था। दीवार के मलबे में दबने से कल्लू यादव (32), उसका बेटा अंश (5) और एक साल की दुधमुंही बेटी कल्ली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कल्लू की पत्नी कुंता देवी (30) और चार वर्षीय बेटी अंशिका गंभीर रूप से घायल हो गई।
आपदा राहत के तहत दी जाएगी सहायता राशि
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन ने आपदा राहत के तहत सहायता राशि देने की बात कही है।