सीएम बघेल ने BJP पर साधा निशाना: बोले- गोशालाओं में अनुदान लेकर लोग मोटे हो रहे, गाय दुबली होकर भूख से मर रही
छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल रविवार को फतेहपुर जिले पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में गाय के नाम पर राजनीति की जाती है। गोशालाओं में अनुदान लेकर लोग मोटे हो रहे है और गाय दुबली होकर भूख से मर रही है।
विस्तार
विदेश में गाय दूध देती है और देश में उनके नाम पर राजनीति की जाती है। गाय की कोई सेवा नहीं करना चाहता है। गोशालाओं में अनुदान लेकर लोग मोटे हो रहे है और गाय दुबली होकर भूख से मर रही है। ये छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने फतेहपुर जिले के बुढ़ंदा में कही। उन्होंने बगैर नाम लिए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। वे ब्लॉक अमौली के गांव बुढ़ंदा आयोजित रामकथा के आयोजन में पहुंचे थे।
उन्होंने श्री राम को अपना भांजा बताया। कहा कि छत्तीसगढ़ जिला रायपुर के चंद्रपुरी में माता कौशल्या का मायका यानी रामजी का ननिहाल है। इस नाते वे मेरे भांजे और पूज्य हैं। पूरे देश में केवल चंद्रपुरी में ही माता कौशल्या का मंदिर है। छग की संस्कृति, धरोहर को संजोने के लिए राम गमन पथ, चांपा जिले की सबरी आश्रम सहित नौ बिंदुओं में हजारों करोड़ से विशेष विकास कराए जा रहे हैं। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कहने से केवल किसानों की आय दोगुनी नहीं होती है। छग में गन्ना, धान सहित कई उपज सबसे अधिक सरकारी दर में खरीद की जा रही है।
तीन वर्षों में गाय का गोबर दो रुपया किलो, गोमूत्र चार रुपया लीटर खरीद कर 28 लाख क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट बना चुके हैं। उससे 60 हजार लीटर प्राकृतिक पेंट बनाया जा चुका है, जिसे सभी सरकारी भवनों में प्रयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संसद में जाने का विरोध नहीं है। संसद के उद्धघाटन को लेकर पीएम मोदी की हठधर्मिता का विरोध कर रहे हैं। भाजपा के भ्रष्टाचार सरकारी से तंग आकर कर्नाटक की जनता ने कांग्रेस को चुना। अब जनता बदलाव चाह रही है। विपक्षीय दल की एकजुटता से हम आगामी सभी चुनाव जीतेंगे।
सीएम ने मंदिर के किए दर्शन, लिया आशीर्वाद
अमौली ब्लॉक के गांव बुढ़ंदा में रामकथा में छग के सीएम भूपेश बघेल रविवार को शामिल हुए। मुख्यमंत्री बघेल ने शंकराचार्य आत्मानंद सरस्वती से आशीर्वाद लिया और माता पिता की स्मृति में बनाए गए चौमुख धाम मन्दिर में शिव परिवार की मूर्तियों के दर्शन किया। उन्होंने कनिष्ठ जगतगुरू शंकराचार्य आत्मानंद सरस्वती को कथा ब्यास के साथ अच्छा समाज सुधारक बताया। सीएम बघेल ने कहा कि वह पहली बार अपनी विधानसभा क्षेत्र पाटन में शंकराचार्य जी का प्रवचन सुना, तो बहुत प्रभावित हुआ। ऐसा अहसास हुआ कि जो कार्य मैं कर रहा हूं। उसे आप अपने प्रवचन से जागरूक कर गति प्रदान कर रहे हैं।