UP News: सेंट्रल स्टेशन का बदल सकता है नाम, जेडआरयूसीसी की बैठक में उठा मुद्दा, जानिए क्या होगा नया नाम
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की एक मांग अब जोरों से उठने लगी है। इस बार प्रयागराज में रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री की बैठक में मुद्दा उठा है। सेंट्रल स्टेशन का नाम अटल बिहारी बाजपेई के नाम पर रखने की मांग की गई है।
विस्तार
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन समेत उत्तर मध्य रेलवे के अधीन शहर के तीन अन्य रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का टोटा है। महिला रेलवे स्टेशन गोविंदपुरी में तो प्रतीक्षालय तक नहीं है। प्रतीक्षालय में जीआरपी की बैरक बनी हुई है। समेत ऐसी ही कई शिकायतें प्रयागराज में शुक्रवार को हुई उत्तर मध्य रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) की बैठक में की गई। कानपुर के सदस्य विजय मिश्रा ने शिकायतों को सामने रखा।
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में कमेटी सदस्य विजय कुमार मिश्र और रवि वाजपेई ने कहा कि पनकी, गोविंदपुरी, अनवरगंज और सेंट्रल स्टेशन की पार्किंग में रेट बोर्ड न होने से मनमानी वसूली होती है। अनवरगंज स्टेशन से जीटी रोड तक सड़क 10 साल से न बनने से बड़े गड्ढे हो चुके हैं। यात्री और राहगीर गिरकर चुटहिल होते हैं। कानपुर सेंट्रेल स्टेशन का नाम भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई के नाम पर रखने की मांग भी की गई है।
स्टेशनों की इन समस्याओं पर हुई चर्चा
कानपुर सेंट्रल: सिटी साइड एंट्री गेट का सौंदर्यीकरण कराने, प्रवेश द्वारों से अवैध अतिक्रमण हटवाने, कैंट साइड में मल्टी लेवल पार्किंग और दो रिजर्वेशन काउंटर की मांग की गई। बाराबंकी होकर लखनऊ, इटावा, टूंडला और झांसी के लिए डेली मेमू चलाने, बुजुर्गों को रियायत सुविधा बहाल करने और रूरा स्टेशन का निर्माणाधीन पुल जल्द चालू कराने की मांग की गई।
गोविंदपुरी: कोच वाटरिंग की सुविधा जल्द शुरू कराने, गोविंदपुरी और भीमसेन के बीच गुजैनी के पास रोड साइड स्टेशन व दबौली वेस्ट के सामने अंडरपास बनने की मांग की गई।
पनकी धाम स्टेशन: आरक्षण केंद्र के आसपास अवैध कब्जा हटाने, पनकी पड़ाव क्रॉसिंग पर अंडरपास बनवाने, पनकी स्टेशन पर स्वचालित सीढ़िया और लिफ्ट की मांग रखी गई।
अनवरगंज: शौचालय के बगल से कैंटीन हटवाने, अनवरगंज से चलने वाली फैजाबाद इंटरसिटी चलवाने, अनवरगंज से मंधना के बीच की 18 रेल क्रॉसिंगों से निजात के दिलाने के लिए एलीवेटेड ट्रैक का काम जल्द शुरू कराने की मांग की गई।