UP: पीएम आवास के नाम पर ठगी..युवती ने दी जान, मैसेज मिला- सर! मेरे पैसे वापस कर दो, सुसाइड नोट में लिखी ये बात
Kannauj News: सोनम ने सुसाइड नोट में लिखा कि सब मेरे साथ क्यों होता है। मेरे पैसे वापस नहीं आए तो मैं घर नहीं जाऊंगी, कुछ भी हो जाए। सर, आदित्य सर दोनों मुझे पागल बना रहे हैं। 13580 रुपये ले चुके हैं और दो हजार रुपये और मांग रहे हैं।
विस्तार
सर मेरे पैसे वापस कर दो, वरना घर वापस नहीं जाऊंगी। बेटी के मोबाइल में व्हाट्सएप पर इतना मैसेज देखकर पिता दंग रह गए और उन्होंने अन्य व्हाट्सएप मैसेज को देखा, जिसके बाद उन्हें जानकारी हुई कि बेटी ने पीएम आवास के नाम पर हुई ठगी से परेशान होकर जान दी है। पिता ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
कन्नौज जिले में तिर्वा कोतवाली क्षेत्र के पवोरापट्टी गांव निवासी सोनम का पक्का मकान बना है। अप्रैल में सोनम के व्हाट्सएप पर एक युवक ने मैसेज किया और बताया कि उसका नाम आदित्य है, वह विकास भवन में कर्मचारी है। पीएम आवास योजना में उसका नाम आया है, अपने कागजात व्हाट्सएप पर भेज दो। आदित्य ने एक और व्हाट्सएप नंबर दिया और कहा कि यह सर का नंबर है।
कई बार वीडियो कॉल भी की, आरोपितों ने नहीं की रिसीव
सोनम ने कागजात भेज दिए, जिसके बाद आरोपितों ने आवास दिलाने के लिए रुपये की मांग की, तो सोनम ने 13580 रुपये भी ट्रांसफर कर दिए। अक्तूबर तक आवास नहीं मिला, जिसके बाद आरोपियों ने दो हजार रुपये और मांगे। तब सोनम को शक हुआ और 12 अक्तूबर को उसने युवकों से रुपये मांगने शुरू कर दिए। कई बार वीडियो कॉल भी की, लेकिन आरोपितों ने कॉल रिसीव नहीं की।
22 अक्तूबर को इलाज के दौरान सोनम ने दम तोड़ दिया
सोनम आरोपितों को खोजते हुए विकास भवन भी गई, लेकिन वहां पर आरोपितों के न मिलने से वह परेशान हो गई और उसने आरोपितों को मैसेज किया कि सर मेरे पैसे वापस कर दो, वरना मैं घर नहीं जाऊंगी। इसके बाद 17 अक्तूबर को जहर खा लिया। कानपुर में 22 अक्तूबर को इलाज के दौरान सोनम ने दम तोड़ दिया। कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर दोनों आरोपितों पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मेरे अंदर नहीं है इतनी शक्ति
सोनम ने सुसाइड नोट में लिखा कि सब मेरे साथ क्यों होता है। मेरे पैसे वापस नहीं आए तो मैं घर नहीं जाऊंगी, कुछ भी हो जाए। सर, आदित्य सर दोनों मुझे पागल बना रहे हैं। 13580 रुपये ले चुके हैं और दो हजार रुपये और मांग रहे हैं। अब पता नहीं क्या होगा। मैं बार-बार कॉल करती हूं, पर कॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं। मैं मर जाऊंगी और कुछ भी नहीं। मेरे अंदर इतनी हिम्मत नहीं है। मैं कमजोर पड़ती जा रही हूं।