Kannauj: धू-धू कर सड़क पर जलने लगी कार, दुकानदार और राहगीरों में मचा हड़कंप, फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
Kannauj News: पुलिस कानूनी कार्रवाई करते हुए गैस रिफिलिंग की दुकान से रिफिलिंग का सामान व गैस सिलेंडर कब्जे में लेकर थाने ले आई। इस घटना से कोई आर्थिक व जनहानि नहीं पहुंची है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया गुड्डू कैंसर पीड़ित है और उसकी बेटियां जीवन यापन के लिए गैस रिफिलिंग का काम कर रही थीं।
विस्तार
कन्नौज जिले में सौरिख के नादेमउ चौराहे के पास स्थित शिक्षा सदन इंटर कॉलेज के पास इस्लाम नगर निवासी गुड्डू की गैस रिफिलिंग की दुकान है। इसमें सुबह करीब सात बजे राजापुर निवासी गौरव जाटव अपनी ओमनी कार में गैस की रिफिलिंग करवा रहा था। तभी किसी कारण आग लग गई और थोड़ी ही देर में ओमनी कार धू-धू कर जलने लगी।
इससे मौजूद आसपास दुकानदारों और सड़क पर निकल रहे राहगीरों में भगदड़ मच गई। वहीं, किसी तरह दुकान पर एकत्र हुए लोगों व कार चालक ने जलती हुई ओमनी कार को धक्का मार कर सड़क पर कर दिया। इससे दोनों तरफ काआवागवन ठप हो गया। लोगों ने बताया कि डर था कि कार में लगा सिलेंडर कहीं फट ना जाए।
इसके चलते दोनों तरफ 300 मीटर दूरी पर लोग अपने वाहन लेकर खड़े रहे। वहीं, ओमनी कार के टायर भी तेज आवाज कर फट रहे थे। इससे लोगों में दहशत व्याप्त हो गई थी और कई दुकानदारों ने अपनी दुकान के शटर बंद कर लिए। सूचना पर आधे घंटे बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने ओमनी कार में लगी आग पर काबू पाया।
कैंसर पीड़ित है गुड्डू, गैस रिफिलिंग का काम करती हैं बेटियां
वहीं, पुलिस कानूनी कार्रवाई करते हुए गैस रिफिलिंग की दुकान से रिफिलिंग का सामान व गैस सिलेंडर कब्जे में लेकर थाने ले आई। इस घटना से कोई आर्थिक व जनहानि नहीं पहुंची है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया गुड्डू कैंसर पीड़ित है और उसकी बेटियां जीवन यापन के लिए गैस रिफिलिंग का काम कर रही थीं।