Kanpur: नालों पर हुए अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, नगर आयुक्त ने खड़े होकर तुड़वाए चबूतरे-सीढ़ियां, दिए ये निर्देश
Kanpur News: नगर आयुक्त ने पुरानी चुंगी से नई चुंगी तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण व फुटपाथ निर्माण कार्य, वाजिदपुर से एसटीपी को जाने वाले नाले का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही नालों की तलीझार सफाई करने के साथ ही किनारों से भी सिल्ट हटाने के निर्देश दिए।
विस्तार
कानपुर में नालों पर किए गए अतिक्रमण पर सोमवार को बुलडोजर चला। नगर आयुक्त ने कई जगह अपने सामने नालों के अतिक्रमण तुड़वाए। अब मलबा हटाने के बाद यहां नालों की अच्छे से सफाई हो सकेगी। नगर आयुक्त ने भवन स्वामियों से कहा कि नालों या नाली के ऊपर के अतिक्रमण वह स्वयं हटा लें। अन्यथा नगर निगम हटाएगा, तो हर्जाना भी वसूलेगा।
अमर उजाला ने सोमवार के अंक में शहर के नालों पर किए गए अतिक्रमण व पक्के निर्माण की वजह से नालों की सही से सफाई न होने पाने की खबर प्रकाशित की थी। इसका संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार को निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड-23, आवास विकास-3 शिव मंदिर से आवास विकास तक नाले के ऊपर किए गए स्थायी अतिक्रमण अपने सामने ध्वस्त करा दिए।
साथ ही, सड़क से नीचे बनीं दो पुलियां फिर से बनाए जाने के निर्देश जोनल अभियंता-6 को दिए। वह पनकी-कल्याणपुर रोड पर रफाका नाले की सफाई का ड्रोन वीडियो 24 घंटे में मांगा। धामी खेड़ा व गैस सिलिंडर चौराहे के पास पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां बिजली कनेक्शन न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रभारी मुख्य अभियंता आरके पाल को तत्काल कनेक्शन कराने के निर्देश दिए।
नालों के किनारों से भी सिल्ट हटाने के निर्देश
साथ ही नमक फैक्ट्री से छपेड़ा पुलिया की ओर चलने पर कूड़े वाले स्थल पर पंपिंग स्टेशन बनाने के लिए निर्देश दिए। इसके अलावा नगर आयुक्त ने पुरानी चुंगी से नई चुंगी तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण व फुटपाथ निर्माण कार्य, वाजिदपुर से एसटीपी को जाने वाले नाले का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही नालों की तलीझार सफाई करने के साथ ही किनारों से भी सिल्ट हटाने के निर्देश दिए।
निर्माणाधीन सिद्धनाथ कॉरिडोर भी पहुंचे
नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन सिद्धनाथ कॉरिडोर का निरीक्षण किया। जोनल अधिकारी को निर्देश दिए कि सावन माह के पूर्व प्रवेश द्वार तक हटाए गए अतिक्रमण पर पाथवे बना लिया जाए। मंदिर तक आने-जाने के लिए अलग-अलग मार्ग कर स्टील की रेलिंग लगाएं। सुंदरनगर में जलभराव के निदान के इंतजाम भी देखे।
डस्टबिन जरूर रखवाएं
नगर आयुक्त ने सभी स्वयंसेवी संस्थाओं से अपील की है कि शर्बत, लस्सी आदि का वितरण करते समय डस्टबिन अवश्य रखें। यदि कोई समस्या हो तो संबंधित जोनल स्वच्छता अधिकारी से संपर्क कर डस्टबिन रखवाएं। जिससे गिलास सड़क पर न फैलें।