Boxer Harassment Case: कोच को खेल सेंटर से हटाया, जांच को बनी तीन सदस्य कमेटी, एक सप्ताह में देगी रिपोर्ट
Kanpur Crime: नाबालिग मुक्केबाज से यौन उत्पीड़न के मामले में कोच पर को खेल सेंटर से हटाया गया है। साथ ही, बॉक्सिंग एसोसिएशन ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है, जो एक सप्ताह में रिपोर्ट देगी।
विस्तार
कानपुर में स्मार्ट सिटी के तहत बनाए गए खेल सेंटर में तैनात कोच पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया गया था। इसी के तहत शनिवार को कोच को जांच पूरी होने तक खेल सेंटर से हटा दिया गया है। साथ ही कानपुर बॉक्सिंग एसोसिएशन ने तीन सदस्यीय टीम को अपनी तरफ से जांच के लिए गठित किया है।
जो रिपोर्ट एक सप्ताह के बाद देगी। परमट क्षेत्र निवासी खिलाड़ी खेल केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त करती है। उसका कहना है कि कोच बीते छह माह से उसपर दबाव बना रहा है। साथ ही खेल सिखाने के बहाने गलत तरीके से शरीर को छूता भी है। विरोध पर खेल सेंटर से निकलवाने और कॉरियर बर्बाद करने की धमकी दी थी।
पीड़िता ने इसकी शिकायत एक दिन पहले संबंधित खेल सेंटर के अधिकारियों से लेकर पुलिस, डीएम आदि को दी थी। इसी को लेकर शनिवार को कमिश्नर लोकेश एम ने जांच निष्पक्ष रूप से हो, इसके लिए खेल सेंटर के डायरेक्टर पीके श्रीवास्तव से कह कर कोच को हटवा दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के निर्देश भी दिए है।
गठित हुई तीन सदस्य टीम
कानपुर बॉक्सिंग एसोसिएशन ने इस मामले को लेकर गोविंदनगर स्थित डीबीएस कॉलेज में एक बैठक शाम को की। इसमें सचिव संजीव दीक्षित ने बताया कि पूरे प्रकारण की जांच के लिए तीन सदस्य टीम बनाई गई है। यह कमेटी एक सप्ताह में जांच कर पूरी रिपोर्ट सौंपेगी।
जांच के बाद दोषी पर होगी बैन की कार्रवाई
इसमें एसोसिएशन की संयुक्त सचिव व नेशनल खिलाड़ी आरती शर्मा, एसोसिएशन की कार्यकारिणी सदस्य स्वाति बाजपेई और एसोसिएशन के उपाध्यक्ष व जांच कमेटी के चेयरमैन मुकेश झा को जिम्मेदारी दी है। यदि कोच दोषी मिला, तो उस पर बैन लगेगा। वहीं, यदि लड़की दोषी होती है, तो दो साल का बैन लगाया जाएगा।
जांच में किसी प्रकार की रूकावट न आए और निष्पक्ष हो। इसके लिए कोच को खेल सेंटर से हटा दिया गया है। जांच पूरी होने के बाद आगे की प्रक्रिया की जाएगी। -लोकेश एम, कमिश्नर कानपुर नगर