Basant Udyan Park: विभागों की टीमें मय फोर्स पहुंचीं, ताला तुड़वाकर कब्जा हटाया, कार्रवाई करने के निर्देश
Kanpur News: उद्यान अधिकारी दिवाकर भास्कर ने बताया कि सरसों की फसल सुबह लोग काट ले गए हैं। टीम ने चारों गेट के ताले खुलवाए हैं और कटीले तारों को हटा दिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव प्रेषित किया जाएगा।
विस्तार
कानपुर में बसंत बिहार स्थित बसंत उद्यान पार्क पर कब्जाकर सरसों बो दी गई थी। साथ ही, इलाके के दबंग ने झूले आदि भी तोड़कर गायब कर दिए थे। मुख्य द्वार पर ताला और छोटे दरवाजों से लेकर चहारदीवारी के ऊपर कंटीले तार लगाकर कब्जा कर लिया गया था।
मामले में दोपहर 12:00 बजे नगर निगम उद्यान विभाग और अभियंत्रण विभाग की टीमें बसंत विहार पहुंचीं। टीमों ने ताला तुड़वाकर कब्जा हटाया है। नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त द्वितीय जगदीश यादव को जांच करने का आदेश दिया है। साथ ही, मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
सौंदर्यीकरण के लिए प्रेषित किया जाएगा प्रस्ताव
उद्यान अधिकारी दिवाकर भास्कर ने बताया कि बसंत उद्यान पार्क में कब्जे की सूचना पर नगर निगम की टीम पहुंची है। सरसों की फसल सुबह लोग काट ले गए हैं। टीम ने चारों गेट के ताले खुलवाए हैं और कटीले तारों को हटा दिया गया है। उन्होंने आगे बताया कि सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव प्रेषित किया जाएगा।
जल्द से जल्द दूर होंगी सारी कमियां
पार्क के आसपास की गंदगी को साफ करने के लिए जोनल स्वछता अधिकारी को अवगत कराया गया है। जल्द से जल्द सारी कमियों को दूर किया जाएगा। लोगों ने बताया है कि शिकायत की गइ है। उनसे उसकी प्रति देने को कहा गया है, उसमें भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।