Banda: बस-ट्रेनों में सवारी बनकर चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दबोचे गए पांच बदमाश
Banda News: जिले में बस और ट्रेनों में सवारी बनकर चोरी करने वाला पांच बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 24.760 ग्राम बटननुमा पीली धातु व 203.770 ग्राम गोल चपटीनुमा सफेद धातु सहित एक अवैध तमंचा, एक कारतूस व एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
विस्तार
बांदा जिले में बसों और ट्रेनों में सवारी बनकर यात्रियों का सामान पार करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के पांच शातिर बदमाशों को चिल्ला पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का माल, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
अपर एसपी शिवराज ने बताया कि आरोपियों ने 13 अगस्त को बांदा से चिल्ला जाने वाली बस में सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए थे। बुधवार रात पुलिस गश्त के दौरान सूचना पर घेराबंदी की गई, तो बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंका, लेकिन टीम बाल-बाल बच गई।
अलग-अलग जिलों के ठिकानों पर छिपाया जाता था माल
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर औरैया, इटावा, ग्वालियर और झांसी के रहने वाले पांचों बदमाशों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटनाओं को कबूल किया। गिरोह बस और ट्रेनों में सामान्य सवारी बनकर बैठता था और महिला यात्रियों को निशाना बनाकर मौका पाते ही नकदी व जेवरात गायब कर देता था। सामान को आपस में बांटकर अलग-अलग जिलों के ठिकानों पर छिपाया जाता था।