Banda Accident: महिला को ट्रक ने कुचला, सड़क पर बिखरे अंग, चालक मौके से भाग निकला
यूपी के बांदा जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक से कुचलकर महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर महिला के अंग बिखर गए।
विस्तार
गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग गांव निवासी कमला (40) रविवार को सुबह चार बजे करीब अपने गांव की कुछ महिलाओं के साथ सड़क पर गई थी। इसी दौरान बांदा से नरैनी की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचल दिया। महिला ट्रक में फंस गई और करीब 100 मीटर घिसटने से उसके शरीर के अंग सड़क पर बिखर गए। मौके से चालक ट्रक लेकर भाग निकला। राष्ट्रीय राज्य मार्ग में हुए इस हादसे की खबर लगने पर परिजन ओर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्हाेंने जाम लगा दिया। मृतका के देवर संतोष ने पुलिस को सूचना दी।
घर में अगर शौचालय बना होता तो शायद यह दुखद घटना नहीं होती। हाईवे पर हुए हादसे में मृतका कमला के पति कैलाश हरियाणा में मजदूरी करते हैं। वह पुत्र राकेश के साथ एक सप्ताह पहले ही गांव से हरियाणा गए हैं। परिवार भूमिहीन है। देवर संतोष ने बताया कि उनका पूरा परिवार मजदूरी करता है। घर में शौचालय नहीं है। कई बार उन्होंने प्रधान से कहा, लेकिन उनकी नहीं सुनी गई। ग्रामीणों ने कहा कि परिवार बेहद ही गरीब है। मजदूरी करके अपना परिवार चला रहा है। शासन द्वारा मृतक के परिवार दुर्घटना बीमा के तहत क्लेम दिया जाना चाहिए। जिससे परिवार को सहायता मिल सके। उधर, प्रधान राजकुमारी के पति बुद्धविलास ने बताया कि सूची में उनका नाम नहीं है। जांच कर सूची में नाम शामिल कराया जाएगा।
जाम से दोनों तरफ लगी रहीं ट्रकों की लंबी लाइन
हाईवे में हुए हादसे से दोनों तरफ ट्रकों की लंबी लाइन लगी रही। बांदा-नरैनी मार्ग पर स्थित बालू खदानों से निकलने वाले मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले ट्रक दोनों तरफ फंसे रहे। तीन घंटे की मशक्कत के बाद जब परिजन माने तब जाम खुलवाया गया। जिससे आवागमन सुचारू हो सका।