कानपुर हिंसा का विरोध: सड़कों पर उतरा बजरंग दल, कई स्थानों पर हनुमान चालीसा का पाठ
पिछले दो जुमे की नमाज के बाद लगातार हो रही हिंसा के विरोध में बजरंगदल सड़कों पर उतरा है। बजरंग दल ने कानपुर के कई क्षेत्रों में प्रदर्शन किया। साथ ही, हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के तमाम शहरों में पिछले जुमे पर नमाज के बाद भड़की हिंसा के विरोध में बजरंग दल के सैकडों कार्यकर्ता मैदान में उतर आए हैं। इस क्रम में गुरुवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुदेव चौराहा, खलासी लाइन, रामादेवी और किदवई नगर चौराहे पर विरोध जताया। इस दौरान हिंदुओं का बल बजरंग दल देश का बल बजरंग दल, राष्ट्र के सम्मान में, बजरंग दल मैदान में आदि स्लोगन लेकर जमीन पर बैठकर विरोध जताया।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल, कानपुर दक्षिण की ओर से किदवई नगर थाने के सामने सड़क पर कार्यकर्ताओं के द्वारा हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके बाद राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसीपी बाबू पुरवा आलोक सिंह को सौंपा। इस मौके पर पुलिस फोर्स मौजूद रही।
बता दें कि तीन जून को कानुपर में हुई हिंसा और उसके बाद अगले शुक्रवार 10 जून को प्रदेश सहित देश के कई स्थानों पर हुई हिंसा के विरोध में बजरंग दल धरन और प्रदर्शन कर रहा है। इसके तहत गुरुदेव चौराहा, खलासी लाइन, रामादेवी और किदवई नगर चौराहे पर बजरंग दल के कार्यकर्ता सड़कों पर नारेबाजी कर रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन अलर्ट
प्रदेशभर के विभिन्न शहरों मेें लगातार हो रही हिंसाओं के विरोध में बजरंग दल के प्रदर्शन को लेकर कानपुर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है। गुरुदेव, खलासी लाइन, रामादेवी और किदवई नगर चौराहे पर सुरक्षा में पुलिस और पीएसी के जवान लगाए गए हैं। चौराहों के आसपास ट्रैफिक बाधित है, जिससे जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही हैं।