विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना बोले: कानपुर के विकास के लिए पहले की तरह ही सक्रिय रहूंगा
उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के विधायक सतीश महाना निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए है। पिछली सरकार में वह औद्योगिक विकास मंत्री थे। विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने कहा कि जिस कानपुर की जनता ने यहां तक पहुंचाया, उसकी सेवा का अवसर नहीं छोड़ूंगा। साथ ही कानपुर के विकास के लिए हमेशा की तरह आगे भी सक्रिय और प्रतिबद्ध रहुंगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित हुए सतीश महाना अपने शहर के विकास के लिए पहले की तरह ही सक्रिय रहेंगे। एमएलसी चुनाव के चलते लागू आदर्श आचार संहिता के समाप्त होते ही वह शहर से जुड़ी विकास योजनाओं और आमलोगों की बुनियादी सुविधाओं को लेकर अधिकारियों के साथ बैठकें शुरू करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहली पारी में कैबिनेट मंत्री के रूप में महाना कोरोनाकाल में भी अधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर विकास कार्यों के साथ चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा करते रहे। अब उनके विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने पर लोगों के मन में यह सवाल थे कि सरकार और अधिकारियों के बीच उनके हितों की बात कौन उठाएगा।
लोगों की इस चिंता को अमर उजाला ने महाना तक पहुंचाया तो उन्होंने कहा, जिस जनता ने उन्हें लगातार आठ बार विधायक चुनकर इस लायक बनाया है, उसकी सेवा का एक भी अवसर वह नहीं छोड़ना चाहेंगे।
उन्होंने कहा, अभी आचार संहिता लगी हुई है। ऐसे में जिले के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों से संबंधी कोई भी बैठक 12 अप्रैल के बाद ही हो सकती है। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही महानगर आकर लोगों से मुलाकात करेंगे और जनहित से जुड़ी बातों को सुनकर उनका निराकरण भी कराएंगे।
इस बीच, मंगलवार को भी महाना के विधानसभा अध्यक्ष बनने पर बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा। पार्टी और विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उन्हें बधाई दी। बताते चलें कि महाना विधानसभा अध्यक्ष की आसंदी संभालने वाले कानपुर के दूसरे नेता हैं। इनसे पहले वर्ष 1990-91 में मुलायम सिंह यादव की सरकार में कानपुर के हरिकिशन श्रीवास्तव विधानसभा अध्यक्ष रहे।