फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Kanpur News ›   Angry family members of a cold storage worker who died blocked the highway.

Kanpur News: कोल्ड स्टोरेज कर्मी की मौत से गुस्साएं परिजनों ने जाम किया हाईवे

Thu, 13 Nov 2025 01:24 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर Updated Thu, 13 Nov 2025 01:24 AM IST
विज्ञापन
Angry family members of a cold storage worker who died blocked the highway.
कानपुर देहात। अकबरपुर थाना क्षेत्र के बारा गांव स्थित आनंदेश्वर कोल्ड स्टोरेज में आग लगने से कर्मी ऋषभ शर्मा (25) निवासी बाढ़ापुर की मौत हो गई थी। बुधवार शाम चार बजे के करीब परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर कोल्ड स्टोरेज पहुंचे। संचालक के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे पर शव रख कर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक हाईवे की दोनों लेन जाम रही। मुआवजा मिलने व संचालक पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जाम खुल सका।
विज्ञापन

बारा स्थित आनंदेश्वर कोल्ड स्टोर में सोमवार देर रात करीब एक बजे आग लग गई थी। इसकी चपेट में आकर बाढ़ापुर अकबरपुर निवासी ऋषभ शर्मा (25) गंभीर झुलस गए थे। लखनऊ के अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। वहीं एक अन्य कर्मी अंकित झुलस गया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शाम चार बजे के करीब परिजन ट्रैक्टर-ट्रालियों से बारा गांव के पास कोल्ड स्टोर जा पहुंचे। यहां पर शव रख संचालक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज किए जाने व मुआवजा की मांग करने लगे।
विज्ञापन

जाम लगने की जानकारी पर एसडीएम नीलिमा यादव, सीओ अकबरपुर संजय सिंह, सीओ सिकंदरा प्रिया सिंह समेत रनियां, गजनेर, अकबरपुर, बरौर, डेरापुर, महिला थाने का पुलिस फोर्स जा पहुंचा। पुलिस ने परिवार के लाेगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिवार के लोग हाईवे से हटने को तैयार नहीं हुए। इधर कुछ देर बाद ही हाईवे की कानपुर-इटावा व इटावा-कानपुर के लेन पर जाम लग गया। बारा टोल से विसायकपुर तक करीब 12 किमी तक वाहन जाम में फंस गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

वहीं, दूसरी लेन चालू होने व विपरीत दिशा से वाहनाें के आने से करीब तीन किमी जैनपुर तक जाम लग गया। जाम में सैकड़ों की संख्या में वाहन, एंबुलेंस, बसें फंसने व राहगीराें के परेशान होने पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाना शुरू किया। इस पर परिवार के लोगों से पुलिस की झड़प भी हो गई। पुलिस ने पहले सड़क पर खड़े लोगों को बल प्रयोग कर खदेड़ना शुरू किया। इसके बाद सड़क पर बैठी महिलाओं को महिला पुलिस कर्मियों की मदद से घेर कर वाहनों को निकलवाना शुरू किया। करीब पांच बजे यातायात सामान्य हो सका। सीओ संजय वर्मा ने बताया कि परिवार के लोगों को समझाकर शांत करा दिया गया है। परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए शव घर लेकर चले गए।
...................
राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पहुंचकर समझाया
कोल्डस्टोर कर्मी की मौत व हाईवे पर जाम की जानकारी पर राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला व पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी भी मौके पर पहुंचे। दोनों ने परिवार के लोगों को ढांढस बंधाने के साथ ही समझाया। इसके साथ ही संचालक अतुल अग्रवाल से बात कर पीड़ित परिवार की मदद करने की बात कही। इधर अधिकारियों ने भी कोल्ड स्टोर संचालक से फोन पर बात कर जाम लगने व मामला बढ़ने की जानकारी दी। जाम खुलने के बाद परिवार के लोगों को कोल्ड स्टोर के पास बैठाकर वार्ता चलती रही। जाम खुलने के करीब एक घंटे बाद परिवार को एक लाख रुपये नकद, 16 लाख की चेक दिए जाने पर सहमति बनी। मुआवजा राशि मिलने के बाद परिजन शांत हुए। शाम सात बजे के करीब परिजन शव लेकर चले गए। राज्यमंत्री ने बताया कि पीड़ित परिवार को दुर्घटना बीमा के तहत चार लाख की मदद दिलाई जाएगी। ऋषभ की पत्नी को पेंशन का लाभ दिलाया जाएगा।
......................
नहीं बंद हुए टोल बूथ, हजारों वाहन निकले
हाईवे पर जाम लगने के बाद बारा टोल के दोनों लेन के बूथ बंद नहीं हो सके। वहीं पुलिस कर्मी भी टोल बूथ पर पहुंच कर जाम में फंसे वाहनों को निकलवाते रहे। जिससे जाम की स्थिति न बने व काफी देर से जाम में फंसे वाहन आसानी से निकल सकें। बारा टोल के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज शर्मा ने बताया कि टोल पर जाम की वजह से बूथ नहीं बंद हो सके। इस पर हजारों वाहन बिना टोल दिए निकल गए।
.................
जाम में फंसी रहीं बसें व एंबुलेंस
हाईवे पर जाम लगने से कानपुर से मरीज छोड़ कर आ रही तीन एंबुलेंस फंसी रहीं। वहीं कानपुर की ओर जा रही करीब तीन एंबुलेंस आकर फंस गईं। मरीज लेकर जा रही एंबुलेंस को किसी तरह से पुलिस कर्मियों ने आगे बढ़ाकर निकलवाया। वहीं बसें फंसे होने से यात्री परेशान रहे। कानपुर से अकबरपुर की ओर आने वाली बसों के कुछ यात्री लंबा जाम देख पैदल ही उतर कर चल दिए। वहीं दो पहिया वाहन सवार बारा गांव, नसरपुर व आस पास गांव के कच्चे रास्ते से होकर निकलते रहे।
..................
दूसरे दिन भी कोल्ड स्टोरेज में सुलगती रही आग
बारा गांव के पास कोल्ड स्टोरेज में लगी आग से करोड़ों का नुकसान हुआ है। सोमवार रात एक बजे से मंगलवार सुबह छह बजे तक धधक रही आग पर छह गाड़ियों ने काबू पाया था। इधर मंगलवार को रुक-रुक कर आग भड़कती रही। बुधवार को भी शाम तक आग सुलगती रही। सुरक्षा के लिहाज से दमकल कर्मी मुस्तैद रहे। वहीं जिन स्थानों से धुआं निकलता दिखा वहां पानी की बौछार की गई। सीएफओ प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि आग के कारणों की जांच की जा रही है।

..................

ड्रोन से होती रही निगरानी
हाईवे पर जाम लगाकर हंगामा कर रहे लोगों को चिह्नित करने के लिए पुलिस ने ड्रोन मंगवा लिया। एक कर्मी मौके पर ड्रोन लेकर पहुंचा। भीड़ के बीच ड्रोन उड़ाया गया। इसी से काफी दूर तक निगरानी की जाती रही। हालांकि पुलिस ने अभी जाम लगाने का मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed