Akhilesh Yadav: अखिलेश के पास वाहन न हथियार...74 लाख के कर्जदार, करोड़ों की संपत्ति के मालिक, करते हैं किसानी
Kannauj News: अखिलेश यादव कन्नौज से तीन बार और एक बार आजमगढ़ से सांसद रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को नामांकन पत्र भरते समय जो हलफनामा दायर किया है। उसके मुताबिक उनका मुख्य व्यवसाय कृषि है। सांसद व विधायक का वेतन से भी आय हो रही है।
विस्तार
एक बार मुख्यमंत्री, मौजूद समय में विधायक और चार बार सांसद रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। लेकिन उनके पास न तो अपना वाहन है, न ही किसी तरह का हथियार है। वह 74 लाख रुपये से अधिक के बैंक कर्जदार भी हैं।
यह बातें उन्होंने खुद गुरुवार को कन्नौज में अपने नामांकन के साथ दिए गए हलफनामें में दी हैं। उनके हलफनामे के मुताबिक उनकी पत्नी डिंपल यादव भी करोड़ों की मालकिन होने के बावजूद 25 लाख रुपये की कर्जदार हैं। अखिलेश पर तीन राजनीतिक मुकदमे हैं, जिसमें एक पर हाईकोर्ट से स्टे है।
अखिलेश यादव कन्नौज से तीन बार और एक बार आजमगढ़ से सांसद रहे हैं। इन दिनों वह मैनपुरी की करहल सीट से विधायक हैं। उन्होंने गुरुवार को नामांकन पत्र भरते समय जो हलफनामा दायर किया है। उसके मुताबिक उनका मुख्य व्यवसाय कृषि है। सांसद व विधायक का वेतन से भी आय हो रही है।
वार्षिक आय 84.51 लाख रुपये
इस समय उनके हाथ में 25.61 लाख रुपये की नकदी है। पत्नी डिंपल यादव के पास 5.72 लाख रुपये हैं। उनकी वार्षिक आय 84.51 लाख रुपये। पत्नी डिंपल यादव की सालाना आमदनी 67.50 लाख रुपये है। अखिलेश के पास कोई जेवरात व वाहन नहीं है, जबकि डिंपल के पास 2274 ग्राम के स्वर्ण आभूषण, 203 ग्राम मोती व 127.75 कैरेट हीरे हैं, जिनका बाजार मूल्य 59.76 लाख रुपये है।
मुचहरा सैफई में 17.93 एकड़ कृषि भूमि है
अखिलेश के विभिन्न बैंक अकाउंट में 9.12 करोड़ रुपये जमा हैं, जबकि डिंपल के बचत खातों में 5.10 करोड़ रुपये जमा हैं। उनके ऊपर 74.44 लाख रुपये का कर्ज है, तो डिंपल भी 25.40 लाख रुपये की कर्जदार हैं। मुचहरा सैफई में 17.93 एकड़ कृषि भूमि है, जिसकी कीमत 7.88 करोड़ रुपये है, तो डिंपल के पास भी 0.81 एकड़ व 1.577 एकड़ भूमि है, जिसकी कीमत 82.57 लाख रुपये है।
सिविल एन्वॉयरमेंट में बीई किया
इसके अलावा इटावा की फ्रेंड्स कॉलोनी में और लखनऊ में आवासीय व व्यावसायिक प्लाॅट हैं। इनकी कीमत 17.22 करोड़ रुपये व 10.44 करोड़ रुपये है। अखिलेश यादव ने वर्ष 1987-88 में धौलपुर मिलिट्री स्कूल से हाईस्कूल व 1989-90 में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की है। 1994-95 में मैसूर यूनीवर्सिटी से सिविल एन्वॉयरमेंट में बीई किया है।