{"_id":"6ac7d1641ffa32cd7c06b069","slug":"agent-lashes-out-when-asked-for-documents-vehicle-buyer-beaten-up-in-the-middle-of-the-road-2026-10-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"कानपुर: आरटीओ के बाहर कागज मांगने पर भड़का दलाल, वाहन खरीदार को बीच सड़क पीटा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कानपुर: आरटीओ के बाहर कागज मांगने पर भड़का दलाल, वाहन खरीदार को बीच सड़क पीटा
Thu, 08 Oct 2026 10:54 PM IST
Shikha Pandey
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
Published by: Shikha Pandey
Updated Thu, 08 Oct 2026 10:54 PM IST
विज्ञापन
आरटीओ कार्यालय के बाहर विवाद
- फोटो : अमर उजाला
आरटीओ कार्यालय के बाहर दलालों पर कार्रवाई के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। गुरुवार को वाहन ट्रांसफर के लिए दलाल को दिए रुपये और दस्तावेज वापस मांगने पर विवाद हो गया। आरोप है कि दलाल ने वाहन खरीदार को कार्यालय के बाहर बीच सड़क पर पीट दिया। चेहरे पर नाखून लगने से वह घायल हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से भाग निकला।
विज्ञापन
बर्रा-2 निवासी धर्मेंद्र कुमार के मुताबिक, उन्होंने करीब एक माह पहले घाटमपुर के बेहटा बुजुर्ग निवासी अरुण कुमार से 5.15 लाख रुपये में बोलेरो खरीदी थी। वाहन अपने नाम ट्रांसफर कराने के लिए आरटीओ कार्यालय के बाहर बैठने वाले दलाल ओमी को 2200 रुपये दिए थे।
विज्ञापन
धर्मेंद्र ने बताया कि एक माह बीतने के बावजूद वाहन ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। गुरुवार को वह आरटीओ कार्यालय पहुंचकर स्थिति जानने लगे तो पता चला कि वाहन से संबंधित दस्तावेज कार्यालय में जमा ही नहीं किए गए हैं। इसके बाद उन्होंने ओमी से अपने कागजात वापस मांगे।
विज्ञापन
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि ओमी ने धर्मेंद्र के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान चेहरे पर नाखून लगने से उन्हें चोट आई। सूचना पर काकादेव पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था। पुलिस घायल धर्मेंद्र को थाने ले गई। धर्मेंद्र ने आरोपी दलाल के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।