कन्नौज। सदर ब्लॉक के यासीनपुर गांव में प्रशासनिक अधिकारियों ने 31 मई को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत कराए जा रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान गांवों में लगाए गए इंडिया मार्का हैंडपंपों और सोलर लाइटों पर हॉलमार्क गायब मिला था। इसके अलावा गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण में भी बड़े पैमाने पर अव्यवस्थाएं और मानक विहीन कार्य की लापरवाही पकड़ी गई थी। इस मामले में अधिकारियों ने डीएम को रिपोर्ट भेजी है।
यहां ग्रामीणों की सुविधा के लिए चार नए हैंडपंप और दूधिया रोशनी के लिए 15 सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जा रही हैं। इसके अलावा बच्चों के लिए एक नए आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण भी कराया जा रहा है। 31 मई 2026 को जिला समाज कल्याण अधिकारी विकास वेद प्रकाश मिश्र मौके पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे, तो वहां स्थापित किए जा रहे हैंडपंपों और सोलर स्ट्रीट लाइटों में अनिवार्य हॉलमार्क गायब मिला था। बिना हाॅलमार्क के उपकरणों का इस्तेमाल सीधे तौर पर सरकारी बजट के दुरुपयोग और घटिया सामग्री खपाने की ओर इशारा करता है। अधिकारियों ने जब निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र के भवन का जायजा लिया था, तो वहां भी भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। अधिकारियों ने संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता को गुणवत्ता पूर्ण तरीके से कार्य करने के लिए कहा। कहा कि प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी गई है।