छिबरामऊ(कन्नौज)। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने सौ शय्या अस्पताल में अनन्या की मौत के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। मांग के पूरा नहीं होने पर परिवार सहित तहसील परिसर में धरने पर बैठने की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष वरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने एसडीएम देवेश कुमार गुप्त को ज्ञापन सौंपा। कहा गया कि मरीजों की बाहर से जांच कराई जा रही है। डॉक्टर और नर्सों की लापरवाही के चलते रंधीरपुर के मनीराम दीक्षित की बेटी अनन्या (15) की छह सितंबर को उपचार के दौरान मौत हो गई। पिता ने पुलिस को तहरीर दी है। अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अस्पताल में दवाइयों के सही ढंग से वितरण और अनन्या के दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर हिंदू जागरण मंच पीड़ित परिवार के साथ तहसील परिसर में धरना देगा।
इस दौरान संत कुमार, अरुण दुबे, आदेश कुमार, राजेश कुमार, गिरजेश कुमार, प्रदीप कुमार, सर्वेश तिवारी, वीरेंद्र दीक्षित, केशव दयाल, शेखर तिवारी, विमलेश व विपिन दुबे सहित कई लोग मौजूद रहे।