सौरिख। क्षेत्र के सराय प्रताप गांव में ससुराल वालों ने विवाहिता को तीन दिन तक कमरे में बंधक बनाकर पीटा। इस दौरान उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया। उसके मुंह को कपड़े से बांध कर रखा गया। खाने को भी कुछ नहीं दिया गया। पुलिस ने महिला को बंधन मुक्त कराते हुए ससुर को हिरासत में ले लिया है।
औरैया जिले के बेला थाना के पुर्वा खगन गांव निवासी श्याम सुंदर ने बताया कि बेटी संध्या की शादी 27 मई 2015 को सराय प्रताप क्षेत्र के एक युवक के साथ की थी। दमाद का पड़ोसी गांव की एक युवती से संबंध है। इसका विरोध करने पर पति व ससुराल के अन्य लोग संध्या के साथ मारपीट करते थे। दो साल पहले दमाद युवती को लेकर दिल्ली चला गया था। जबकि, संध्या को गांव में छोड़ गया था। मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से ससुराल वाले संध्या का प्रताड़ित कर रहे थे। पिछले तीन दिनों से संध्या को सास, ससुर व ससुराल के अन्य लोगों ने कमरे में बंधक बना रखा। ससुराल वालों ने उसके मुंह को कपड़े से बांध दिया। मोबाइल छीनने के बाद उसके साथ मारपीट करते रहे। इस दौरान उसे खाने को भी नहीं दिया गया। मायके वालों ने संध्या को कई बार फोन मिलाया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। मंगलवार को मायके वाले पुलिस लेकर संध्या के ससुराल पहुंच गए। पुलिस ने उसे ससुराल वालों के बंधन से मुक्त कराया। पुलिस ने ससुर को हिरासत में ले लिया है। संध्या ने बताया कि मारपीट के दौरान उसके शरीर में काफी चोटें आई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।