छिबरामऊ। थानाक्षेत्र की आवास कालोनी में सोमवार को देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने ट्रैक्टर की रंगाई करने वाले युवक की मार कर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हत्या में प्रयुक्त तमंचा लेकर थाने पहुंचा और खुद को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की परिवार की एक युवती से आरोपी के संबंध होने की बात पुलिस को पता चली है, इसी को हत्या की वजह माना जा रहा है। एसपी ने मौका मुआयना करने के बाद कहा कि युवक के परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर के मोहल्ला ककरैया निवासी सइंया की पश्चिमी बाईपास पर एक गेस्ट हाउस के सामने ट्रैक्टर व ट्राली के रंग रोगन की दुकान है। उनका बेटा कल्लू उर्फ शानू (18) भी उनके काम में हाथ बटाता था। कल्लू देर शाम करीब 6:15 बजे बाइक से किसी काम से आवास विकास कालोनी जा रहा था। उसी दौरान आवास विकास कालोनी में ही एक युवक ने उसे रोका और तमंचे से गोली मार दी। जब तक भीड़ जुटती आरोपी मौके से भाग गया। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सौ शैया अस्पताल ले गई। वहां डाक्टर ने कल्लू को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डाक्टर कुलदीप ने बताया कि कल्लू के सीने में दो गोलियां लगी है, जिससे उसकी मौत हुई है। पुलिस को घटनास्थल पर दो कारतूस (खोखा) मिले हैं। जबकि, मोहल्ले के लोगों ने तीन गोलियां चलने की बात कही है। उधर, एसपी प्रशांत कुमार वर्मा समेत कई अफसरों ने घटनास्थल का मुआयना किया। कल्लू के परिजनों से पूछताछ की। इसी बीच त्रिपाठी नगर निवासी नसीम छिबरामऊ कोतवाली पहुंचा और खुद को कल्लू की हत्या का आरोपी बताते हुए आत्मसमर्पण कर दिया। खुद को पुलिस के हवाले करने के बाद ही उसने वारदात में प्रयुक्त तमंचा भी पुलिस को सौंप दिया। सूत्रों की मानें तो आरोपी नसीम के संबंध कल्लू के परिवार की एक युवती से होने की बात पुलिस को पता चली है। इस बात को पुलिस तस्दीक करने के साथ ही आरोपी से पूछताछ कर हत्या की सही वजह जानने की कोशिश कर रही है। थाना प्रभारी जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि कल्लू के परिजनों की तहरीर आने का इंतजार किया जा रहा है।