{"_id":"68152d74ee35f8d28a0c5c44","slug":"young-men-beat-a-woman-senseless-in-front-of-police-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-546470-2025-05-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: पुलिस के सामने युवकों ने महिला को पीटकर किया बेदम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: पुलिस के सामने युवकों ने महिला को पीटकर किया बेदम
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बबीना के आरा मशीन के पास दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान युवकों ने महिला को बुरी तरह पीट दिया। मारपीट के दौरान उसके कपड़े भी फट गए। पुलिसकर्मी भी वहां मौजूद थे लेकिन, बीच-बचाव के बजाय वह वीडियो बनाते रहे। महिला से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
फौज से सेवानिवृत्त सियाराम यादव आरा मशीन के पास रहते हैं। पड़ोस में रहने वाले नीलेश से मकान को लेकर विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार शाम सियाराम की बहू महादेवी अपनी सास शीला के साथ घर पर थी। उसी दौरान नीलेश अपने साथियों के साथ पहुंच गया। उसके साथ महिलाएं भी थीं। दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। महादेवी ने पुलिस को बुला लिया। पुलिस के पहुंचने पर दोनों पक्ष आपस में बात कर रहे थे। आरोप है कि नीलेश पक्ष ने पहले हमला कर दिया। महादेवी को घेरकर पीटने लगे। नीलेश पक्ष से आई महिलाओं ने उसके बाल पकड़कर गिरा दिया। उसका कहना है कि आरोपियों ने बाल पकड़कर उसे सड़क पर घसीटा। पुलिस वाले सिर्फ वीडियो बना रहे थे। मारपीट की शिकायत लेकर वह लोग बबीना थाने पहुंंची। आरोप है कि एक सिपाही भी आरोपियों के साथ है। नीलेश को पकड़कर छोड़ दिया गया। सीओ सदर लक्ष्मीकांत गौतम का कहना है कि मकान पर कब्जे को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा है।
विज्ञापन