Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Jhansi News ›   Why did Rani Lakshmibai get annoyed by the name Chhabili in Jhansi

छबीली से वीरांगना बनने की कहानी: बचपन में इस नाम से क्यों नाराज होती थीं रानी लक्ष्मीबाई, किसने दिया था यह नाम

Fri, 13 Nov 2026 03:51 PM IST
Digvijay Singh अमर उजाला ब्यूरो, झांसी
अमर उजाला ब्यूरो, झांसी Published by: Digvijay Singh Updated Fri, 13 Nov 2026 03:51 PM IST
सार

रानी लक्ष्मीबाई की वीरगाथा पर आधारित पुस्तक ‘झांसी की वीरांगना’ के लेखक एवं सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. पीके अग्रवाल के अनुसार, मनु अपने पिता मोरोपंत तांबे के साथ पेशवा बाजीराव द्वितीय की भी लाड़ली थीं। बाल्यावस्था में दुलार के कारण उन्हें छबीली नाम मिला था।

विज्ञापन
Why did Rani Lakshmibai get annoyed by the name Chhabili in Jhansi
रानी लक्ष्मीबाई - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

बाल्यकाल में रानी लक्ष्मीबाई को उनके परिजन और करीबी प्यार से ‘छबीली’ कहकर पुकारते थे। हालांकि, उन्हें अपना यह नाम बिल्कुल पसंद नहीं था। छबीली सुनते ही वह चिढ़ जाती थीं और कहती थीं कि उन्हें तो शिवाजी बनना है। इसके बावजूद लोग उन्हें इसी नाम से पुकारते थे।

विज्ञापन


विशेष शृंखला की पहली कड़ी
19 नवंबर 1828 को जन्मीं रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के उपलक्ष्य में अमर उजाला की विशेष शृंखला में उनकी जिंदगी से जुड़े ऐसे अनछुए पहलुओं, प्रसंगों और कहानियों से रूबरू कराएंगे, जो उनके व्यक्तित्व, संघर्ष और वीरता के नए आयाम सामने लाएंगे। पेश है पहली कड़ी...
विज्ञापन


‘लक्ष्मीबाई’ नाम आज नारी शक्ति के स्वाभिमान और शौर्य का प्रतीक है। यह नाम उन्हें विवाह के बाद झांसी के राजा गंगाधर राव ने दिया था। महाराष्ट्रीय परंपरा के अनुसार, विवाह के बाद वधू को नया नाम दिया जाता है। इसी परंपरा के तहत काशी की बेटी मणिकर्णिका का नाम लक्ष्मीबाई रखा गया। लेकिन, विवाह से पहले बिठूर में उनका बचपन मनु और छबीली नामों के बीच बीता।
विज्ञापन
विज्ञापन


दरअसल, महाराष्ट्र से निर्वासन के बाद पेशवा बाजीराव द्वितीय बिठूर में रहने लगे थे। रानी के पिता मोरोपंत तांबे भी उनके साथ यहां आ गए थे। पेशवा की कोई पुत्री नहीं थी और मोरोपंत की इकलौती संतान मणिकर्णिका थीं। ऐसे में मनु को पिता के साथ पेशवा का भी खूब दुलार मिला। मनु बचपन से ही सुंदर और चंचल स्वभाव की थीं। उनके आकर्षक चेहरे और चपलता को देखकर पेशवा बाजीराव ने उन्हें छबीली नाम दिया था। धीरे-धीरे परिवार और करीबी भी इसी नाम से उन्हें पुकारने लगे।

हालांकि, मनु को छबीली कहलाना पसंद नहीं था। वह पेशवा से अक्सर इस नाम से न पुकारने का आग्रह करती थीं। उनकी इच्छा अंग्रेजों से मुकाबला करने और प्रतिशोध लेने के लिए छत्रपति शिवाजी जैसा बनने की थी। लेकिन, उनके विरोध के बावजूद लोग उन्हें छबीली कहकर पुकारते रहे। बालिका मनु के चिढ़ने पर करीबी भी आनंदित होते थे।

रानी लक्ष्मीबाई की वीरगाथा पर आधारित पुस्तक ‘झांसी की वीरांगना’ के लेखक एवं सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. पीके अग्रवाल के अनुसार, मनु अपने पिता मोरोपंत तांबे के साथ पेशवा बाजीराव द्वितीय की भी लाड़ली थीं। बाल्यावस्था में दुलार के कारण उन्हें छबीली नाम मिला था। हालांकि, उन्हें यह नाम पसंद नहीं था और वह इस पर अपनी नाराजगी भी जताती थीं।


छबीली नाम से संचालित है एकमात्र संस्थान
रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर झांसी सहित देश के विभिन्न हिस्सों में कई संस्थान संचालित हैं, लेकिन छबीली नाम से झांसी में एकमात्र शिक्षण संस्थान है। गणेश मंदिर में महाराष्ट्रीय समाज की संस्था लक्ष्मी महिला समाज की ओर से ‘मनुबाई छबीली बालक मंदिर’ का संचालन किया जाता है। यहां आठवीं कक्षा तक पढ़ाई होती है। महाराष्ट्र गणेश मंदिर कमेटी के सचिव गजानन खानवलकर ने बताया कि यह विद्यालय देश की आजादी से पहले से संचालित है। पहले यहां छोटे बच्चे ही पढ़ते थे। रानी लक्ष्मीबाई को बचपन में छबीली कहा जाता था, इसलिए उनके इसी नाम पर विद्यालय का नाम रखा गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed