बेबस पति: पड़ोसी ने दो दिन पहले पत्नी संग किया था दुष्कर्म, न्याय के लिए गया थाने, पर सुनवाई न हुई तो दी जान
मृतक के भाई का आरोप था कि उसकी बहू (भाई की पत्नी) के साथ दो दिन पहले पड़ोसी ने दुष्कर्म किया था। इसकी शिकायत करने भाई और बहू थाने गए थे, परंतु वहां उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई और थाने से भगा दिया।
विस्तार
झांसी के बरुआसागर में पत्नी के साथ हुए दुष्कर्म की रिपोर्ट न लिखे जाने से परेशान होकर पति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन परिजनों ने तीन घंटे तक शव उठने नहीं दिया। आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद वे माने।
बरुआसागर थाना इलाके के एक गांव में शनिवार की शाम तकरीबन पांच बजे 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और पंचनामा भरकर शव को कब्जे में लेने लगी। लेकिन, परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया।
मृतक के भाई का आरोप था कि उसकी बहू (भाई की पत्नी) के साथ दो दिन पहले पड़ोसी ने दुष्कर्म किया था। इसकी शिकायत करने भाई और बहू थाने गए थे, परंतु वहां उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी गई और थाने से भगा दिया। इसी से परेशान होकर भाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उधर, परिजन तकरीबन तीन घंटे तक शव को रखे रहे। बाद में पुलिस की ओर से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर वह मान गए।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, इस मामले में क्षेत्राधिकारी टहरौली अरुण चौरसिया का कहना कि दुष्कर्म की शिकायत करने वे थाने नहीं आए थे। आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस शव लेने गई थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।