ललितपुर। बुधवार की रात सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर नवोदय विद्यालय दैलवारा से कक्षा 8वीं के तीन छात्र भाग गए। बृहस्पतिवार को सुबह यह जानकारी होने पर हड़कंप मच गया। तीनों छात्रों की तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चल सका। विद्यालय के प्रधानाचार्य की सूचना पर कोतवाली पुलिस तीनों छात्रों की तलाश में जुट गई है।
ग्राम दैलवारा में जवाहर नवोदय विद्यालय संचालित है। विद्यालय में कक्षा 6 से लेकर 12वीं तक के छात्र शिक्षण कार्य करते हैं। रात्रि करीब 12 बजे विद्यालय की लाइट चली गई। इस कारण वहां पर अंधेरा हो गया। इसका फायदा उठाकर छात्रावास मेे रहने वाले कक्षा आठ के तीन छात्र भाग गए। रात में इस घटना की किसी को भनक तक नहीं लगी। बृहस्पतिवार सुबह इसकी जानकारी हुई तो हड़कंप मच गया। विद्यालय के कर्मचारियों ने अपने स्तर पर भागे हुए तीनों छात्रों की तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। वहीं सूचना मिलने पर छात्रों के परिजन भी विद्यालय पहुंच गए । परिजनों ने रिश्तेदारी से लेकर मिलने-जुलने वालों से संपर्क स्थापित कर छात्रों के बारे में जानकारी की, लेकिन पता नहीं चला। दोपहर तक छात्रों की खोजबीन करने के बाद विद्यालय प्रशासन व छात्रों के परिजन कोतवाली पहुंचे। यहां पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए प्रार्थना पत्र दिया। कोतवाली पुलिस ने संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज किया और उनकी तलाश में जुट गई है। भागने वाले छात्रों में एक ललितपुर के एक गांव का है, जबकि दूसरा तालबेहट क्षेत्र और तीसरा महरौनी तहसील स्थित एक गांव का है।