आकाशीय बिजली का कहर: ललितपुर में दो महिलाओं समेत तीन की मौत, एक महिला बुरी तरह झुलसी, परिजनों में कोहराम
मृतक किसान छोटे किसान हैं, खेती करके अपने परिवार का भरण पोषण करके गुजारा करते थे। यह खबर सुनकर परिवार वालो का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
ललितपुर के बिरधा ब्लॉक के छैघरा में खेत पर काम कर रहे लोग बारिश के दौरान नीम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। इसी बीच बिजली पेड़ पर गिरने से दो महिलाओं और एक किसान की मौके पर मौत हो गई। वहीं गांव की सीमा झुलस गई। जानकारी होते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई। तीनों शव जल जाने से उनकी पहचान नहीं हो पा रही, पुलिस शिनाख्त कराने की कोशिश कर रही है।
कोतवाली ललितपुर अंतर्गत बिरधा के छैघरा के पास किसान अपने उड़द की फसल काटने गए हुए थे। करीब साढ़े चार बजे अचानक जोरदार पानी गिरने लगा तो सभी लोग पास में खड़े नीम के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरी जिससे जशोदा साहू पत्नी रज्जू लालउम्र 48 वर्ष,राजकुमारी पत्नी राजू साहू उम्र 35 वर्ष राजेश साहू पुत्र हरीराम साहू उम्र 38 वर्ष की मौके पर मौत हो गई और सीमा पत्नी राजेश साहू उम्र 36 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गईं।
उसने ही अपने परिवार वालों को फोन लगाया, इसके बाद बेहोश हो गई। ग्रामीण व बिरधा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीण को चारपाई पर लिटा कर हाइवे पर लेकर आए। फिर वहां से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा से घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है और तीनों मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक किसान छोटे किसान हैं, खेती करके अपने परिवार का भरण पोषण करके गुजारा करते थे। यह खबर सुनकर परिवार वालो का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे कस्बे में गम का माहौल है।