{"_id":"6881464382fbce373d0821d6","slug":"the-culvert-broke-down-a-population-of-four-thousand-lost-contact-with-the-headquarters-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-604201-2025-07-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: पुलिया टूटी, चार हजार की आबादी का मुख्यालय से टूटा संपर्क","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: पुलिया टूटी, चार हजार की आबादी का मुख्यालय से टूटा संपर्क
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बारिश के चलते नाले का जलस्तर बढ़ने पर रक्सा से तीन गांवों को जोड़ने वाली सड़क की पुलिया बह गई। इससे गांवों का रक्सा और मुख्यालय से संपर्क टूट गया। अब इन गांव के लोगों को 20 किमी का चक्कर लगाकर रक्सा और मुख्यालय आना पड़ रहा है। दूसरी ओर, स्कूली बच्चों और मरीजों का भी अस्पताल पहुंच पाना मुश्किल हो गया है। वहीं, कुछ लोग जान जोखिम में डालकर टूटी पुलिया के नीचे से होकर गुजर रहे हैं।
कुछ दिन पहले हुई बारिश के कारण रक्सा से गणेशगढ़ के बीच बनी पुलिया नाले में आए उफान में बह गई थी। इस कारण गणेशगढ़ के अलावा धर्म के पुरवा और देवगढ़ में रहने वाली करीब 4000 से अधिक की आबादी प्रभावित हुई है। ग्रामीणों को सब्जी राशन के लिए 20 किलोमीटर का चक्कर लगाकर आना पड़ रहा है। छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेज नहीं जा पा रहे हैं। इस पुलिया से सिर्फ पैदल ही निकला जा सकता है।
विज्ञापन
............................
सूचना बोर्ड लगाया, आवागमन रोकने के लिए की बैरिकेडिंग
पुलिया टूटने के बाद प्रशासन ने वहां पुलिया क्षतिग्रस्त होने का साइन बोर्ड लगा दिया। बैरिकेडिंग कर तीनों गांवों के लोगों से यहां से न गुजरने की अपील की है। ऐसे में वाहन सवार चक्कर लगाकर रक्सा तो पहुंच जा रहे हैं लेकिन पैदल और साइकिल से आने वाले इस क्षतिग्रस्त पुलिया से गुजरने को मजबूर हैं।
विज्ञापन
बुआई का समय है। किसानों को बीज और खाद लेने के लिए घूमकर रक्सा आना पड़ रहा है। ऐसे में किसानों का समय तो बर्बाद हो ही रहा है। उन पर अतिरिक्त व्यय भार पड़ रहा है। - राकेश राजपूत, गणेशगढ़
छोटी-छोटी चीजों के लिए रक्सा आना पड़ता है। मेरे पास वाहन नहीं है। साइकिल से ही गांव से रक्सा आना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, अगर कोई बीमार हो जाए तो उसकी जान तक जा सकती है। - उमेश कुमार, गणेशगढ़
10 साल की बेटी और छह साल का बेटा है। दोनों ही स्कूल पढ़ने रक्सा जाते हैं। पुलिया टूटी होने से फिलहाल अभी निकल पा रहे हैं लेकिन बारिश हो जाए तो इस पुलिया से गुजरना खतरनाक है। - भारती राजपूत, धर्म का पुरवा
.......
संबंधित विभाग के अधिकारियों को पुलिया के निर्माण के लिए पत्र भेजा गया है लेकिन अभी तक इसका निर्माण शुरू नहीं हुआ है। अगर जल्द ही निर्माण शुरू नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी को रिमाइंडर भेजा जाएगा। - डॉ. बाल गाेविंद श्रीवास्तव, डीपीआरओ