{"_id":"692222bc66866f2e100ea5a1","slug":"the-bodies-of-two-infants-were-found-in-a-drain-near-laxmital-wrapped-in-black-polythene-jhansi-news-c-11-1-jhs1037-685378-2025-11-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: लक्ष्मीताल के पास नाले में पड़े मिले दो शिशुओं के शव, काली पॉलीथीन में थे बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: लक्ष्मीताल के पास नाले में पड़े मिले दो शिशुओं के शव, काली पॉलीथीन में थे बंद
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शनिवार दोपहर में लक्ष्मीताल के पास बने नाले में दो शिशु के शव मिले। इससे आसपास सनसनी फैल गई। काले रंग की दो अलग-अलग पॉलीथिन में दोनों को बंद कर फेंका गया था। एक लड़की और दूसरा शव लड़के का था। आशंका जताई जा रही कि प्रसव के तुरंत बाद शव फेंका गया। ये शव किसने फेंका, इसका पता नहीं लग सका है। पुलिस छानबीन कर रही है।
लक्ष्मीताल के पास इलाइट से होता हुआ एक बड़ा नाला सीवरेज पंपिंग स्टेशन की ओर जाता है। पंपिंग स्टेशन से पहले नाले में जल निगम ने बड़ा जाल लगा रखा है। नाले का कचरा इसमें फंस जाता है। इसे हटाने के लिए वहां कर्मचारी लगाए गए हैं। शनिवार दोपहर करीब 11 बजे कर्मचारी वृंदावन कचरे को हटा रहा था। उसी दौरान काले रंग की पॉलीथिन में बंधा शिशु का शव बहते हुए पहुंचा।
विज्ञापन
उसके करीब पांच मिनट बाद ही दूसरी पॉलीथिन में दूसरा शव भी बहते हुए आया। उसने कोतवाली पुलिस को भी सूचना दी। थोड़ी ही देर में यह बात आसपास कॉलोनी में फैल गई। लोग भी जमा हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। सफाई कर्मियों के मुताबिक इस नाले में करीब 20-25 कॉलोनियों का पानी गिरता है। सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम का कहना है कि शिनाख्त न होने से 72 घंटे बाद उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। सभी पहलुओं की छानबीन कराई जा रही है।
विज्ञापन
प्रसव के तुरंत बाद फेंके गए : प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शव को देख लगता है कि प्रसव के तुरंत बाद ही दोनों को नाले में फेंका गया। यह भी साफ हो रहा था कि दोनों शव एक साथ शुक्रवार को फेंके गए। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।