झांसी। डेंगू से बीटेक छात्रा की मौत के बाद उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सील कर दी गई। यह रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी गई। अब उनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही पुलिस आगे कदम उठाएगी। उधर, परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही बरतने के आरोप में नवाबाद थाने में तहरीर दी हुई है।
खातीबाबा निवासी राघवेंद्र सिंह भदौरिया तालबेहट स्थित एक विद्यालय में शिक्षक हैं। उनकी बड़ी पुत्री शिवानी इंदौर से बीटेक कर चुकी है। उसका छोटा भाई आयुष अभी इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहा है। परिजनों का कहना है शिवानी लॉकडॉउन के बाद से घर पर ही रहती थी। दो दिन पहले बीमार पड़ने पर उसे निजी अस्तपाल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने शिवानी की हालत गंभीर बताते हुए उसे दिल्ली ले जाने को कहा। इसके लिए एयर एंबुलेंस बुलाने की सलाह दी। परिजनों से तत्काल तीन लाख रुपये जमा करा लिए। जब शिवानी को वह लोग दतिया एयर पट्टी लेकर पहुंचे, तब वहां डॉक्टरों ने बताया कि शिवानी काफी पहले ही ब्रेन डेड हो चुकी। यह सुनकर परिजन भड़क उठे। उन्होंने चिकित्सक पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया। परिजनों की नाराजगी को देखते हुए पुलिस ने देर-रात ही शव का पोस्टमार्टम करा दिया हालांकि आज भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सीएमओ के पास ही पड़ी रही। सीएमओ का कहना है कि उन्होंने अभी रिपोर्ट नहीं देखी। वहीं, एसएसपी शिवहरि मीना का कहना है कोर्ट के आदेश के मुताबिक सीएमओ की संस्तुति के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। ।