{"_id":"683a158b7b9b528be5048a99","slug":"one-ro-plant-and-borewells-of-two-hotels-sealed-electricity-connection-cut-jhansi-news-c-11-1-jhs1032-566898-2025-05-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"Jhansi News: एक आरओ प्लांट और दो होटलों के बोरवेल सील, काटा बिजली कनेक्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Jhansi News: एक आरओ प्लांट और दो होटलों के बोरवेल सील, काटा बिजली कनेक्शन
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। स्मार्ट सिटी में बिना पंजीकरण आरओ प्लांट का संचालन हो रहा है। आरओ पानी के नाम पर पूरे शहर में डिब्बा बंद पानी बेचने का गोरखधंधा खुलेआम चल रहा है। इससे भूगर्भ जलस्तर हर साल तेजी से गिर रहा है। इस समस्या को लेकर अमर उजाला ने शुक्रवार को स्मार्ट सिटी में पनपा पानी का काला धंधा शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर को संज्ञान लेते हुए अधिकारियों ने एक आरओ प्लांट और दो होटल के बोरवेल को सीलकर बिजली कनेक्शन काट दिए।
शहर में 50 से अधिक आरओ प्लांट संचालित हैं। अचरज की बात यह है कि किसी के पास दल दोहन का लाइसेंस नहीं है। इस कारण शुद्ध पानी के नाम पर बगैर मानक के डिब्बाबंद पानी को बाजार और घर-घर तक पहुंचाया जा रहा है। 30 आरओ प्लांट संचालकों को नोटिस देकर 15 दिन में जवाब देने का निर्देश देकर अधिकारियों ने अपने कर्तव्यों को पूरा कर लिया। सभी को चेतावनी भी दी गई थी कि अपना पंजीयन और एनओसी विभाग से प्राप्त कर लें, लेकिन एक भी संचालक इसके लिए आगे नहीं आया।
विज्ञापन
अमर उजाला में इस मुद्दे को प्रकाशित करने के बाद भूमिगत जल संरक्षण, नियंत्रण और प्रबंधन को लेकर अधिकारियों की चेतना जागी। सीडीओ जुनैद अहमद के निर्देश पर अवैध रूप से होटल, लॉन में हो रहे भूगर्भ जल दोहन और अवैध रूप से संचालित आरओ प्लांट पर कार्रवाई के लिए टीम बनाई गई। टीम में भूगर्भ जल विभाग से मनीष कुमार कनौजिया, शोभित कुमार, अब्दुल कफील और बिजली विभाग और मसीहागंज चौकी की पुलिस बल ने टंडन रोड स्थित नैंसी आरओ प्लांट के बोरवेल को सील कर बिजली कनेक्शन काट दिया गया। इसके अलावा, चित्रा चौराहा स्थित होटल पैलेस और हाई-वे होटल में भूगर्भ जल दोहन करने पर बोरवेल सील कर बिजली कनेक्शन काटा दिया गया।
विज्ञापन