झांसी। झांसी मंडल के अंर्तगत ग्वालियर-इटावा खंड के गोहद रोड स्टेशन रोड के बीच इलेक्ट्रॉनिक इंटरलाकिंग का काम पूरा हो गया। इस काम के पूरा होने के बाद इस सेक्शन पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़कर दोगुनी हो गई। पहले यहां पचास किमी की रफ्तार से ट्रेन दौड़ती थी। अब उनकी रफ्तार बढ़कर 110 किमी प्रतिघंटे हो गई है।
अभी तक इस सेक्शन पर इलेक्ट्रो मैकेनिकल स्टैण्डर्ड-1 टोकन ब्लॉक इंस्टूमेंट सिस्टम पर काम हो रहा था। अब इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग हो जाने से यह ट्रैक टोकन प्रणाली रहित हो गया। इसका सबसे अधिक फायदा ट्रेनों की रफ्तार को बढ़ाने में होगा। रेल अफसरों का कहना है अभी इस सेक्शन पर अधिकतम 50 किमी की रफ्तार से ट्रेन दौड़ पाती थी लेकिन, अब इसकी रफ्तार बढ़कर 110 किमी प्रति घंटे हो जाएगी। रेल अफसरों का कहना है कि ग्वालियर- इटावा खंड पर विद्युतीकरण का कार्य भी अंतिम दौर में है। इसे भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके पूरा होने से रेल संचालन और सरल बनाया जा सकेगा। शनिवार को वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अमित गोयल की अगुवाई में इसका परीक्षण हुआ। इस अवसर पर मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार(कार्य) नेहा चौधरी, मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार एसएस सत्संगी समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कोविड के बावजूद यह काम नियत समय के भीतर पूरा कराया गया।