झांसी। महानगर के आवास विकास कॉलोनी क्षेत्र में बने केकेपुरी नाले की दुर्दशा को सुधारने में नगर निगम अमला सक्रिय हुआ है। हर साल एक बड़े रिहायशी क्षेत्र में जलभराव की वजह बनने वाले नाले की सफाई के लिए निगम की टीमें जुटी हुई हैं। सफाई के दौरान नहर की पुलिया के नीचे बने साईफन (सीमेंट के पाइपों) को साफ किया जा रहा है। साथ ही सफाई कार्य की रोज मॉनीटरिंग की जा रही है।
नगर निगम ने सैयद नगर से राजगढ़ नहर होते हुए पहुज नदी में मिलने वाले केकेपुरी नाले के निर्माण के दौरान काफी अनियमितता बरती थी। आलम यह हुआ कि निर्माण के दौरान नाले का ढाल विपरीत दिशा में कर देने से हर साल जलभराव होता है। बारिश के दौरान लोगों के घरों में चार फीट तक पानी भर जाता है। इसके चलते कई लोग क्षेत्र से पलायन कर चुके हैं। कई बार स्थानीय निवासियों ने नाले की समस्या को लेकर नगर निगम से शिकायत की, लेकिन नगर निगम अधिकारियों ने कोई संज्ञान नहीं लिया। इस बार नाले का मुद्दा कार्यकारिणी बैठक में उठा तो नगर निगम ने नाले की सफ ाई में तेजी दिखाई है। पार्षद विद्या प्रकाश दुबे ने नाला सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि नाले में शामिल नहर की पुलिया में लगे साईफनों को पूरी तरह से साफ कराया जा रहा है। इस दौरान अवर अभियंता राम अवध सिंह यादव, सफाई निरीक्षक लाल बहादुर गौर, सफाई हवलदार बाबूलाल, संजीव पाठक मौजूद रहे।