झांसी। स्मार्ट सिटी मिशन के जरिए राजकीय इंटर कॉलेज में करीब साढ़े बीस करोड़ की लागत से मिनी स्टेडियम तैयार होगा। मंगलवार को इसकी भूमि का महापौर रामतीर्थ सिंघल एवं सदर विधायक रवि शर्मा ने विधि-विधान पूर्वक पूजन किया। यह कार्य बारह महीने के भीतर पूर्ण करा लेने की योजना है।
महापौर रामतीर्थ सिंघल के मुताबिक मिनी स्टेडियम के निर्माण में कुल 20,51,24,057 रुपये की लागत आएगी। इसकी मदद से यहां एफआईएच श्रेणी प्रमाणित हॉकी टर्फ तैयार होगा। सिंथेटिक टर्फ से क्रिकेट पिच बनवाई जाएगी। यहां मानक के मुताबिक मिट्टी की पिच भी बनेगी। घरेलू क्रिकेट मैच आयोजित करने के लिए मानक के मुताबिक ग्राउंड एवं अभ्यास पिच बनेगी। फुटबॉल, वॉलीबाल, टेनिस, बैडमिंटन एवं थ्रो बॉल के खिलाड़ियों के लिए भी यहां व्यवस्था होगी। पीने के पानी के लिए वाटर कूलर एवं आरओ वाटर सिस्टम लगाया जाएगा। सुविधाजनक चेजिंग रूम भी यहां तैयार कराया जाएगा। आंतरिक सड़क, फुटपाथ समेत ड्रेनेज सिस्टम भी नए सिरे से बनेगा। चार पाहिया वाहनों के लिए पाकिंग बनेगी। पैनल लाइटिंग का भी इंतजाम होगा। विधायक रवि शर्मा ने मिनी स्टेडियम को झांसी के लिए उपयोगी बताया। कहा, इसके जरिए युवा प्रतिभाओं को निखारा जा सकेगा। भूमि पूजन के दौरान स्मार्ट सिटी मिशन के अपर मुख्य कार्याधिकारी शादाब असलम समेत कार्यदायी स्टूप एजेंसी के भी अधिकारी मौजूद रहे।