करोड़ों की तादात में टिड्डियों ने झांसी में बोला धावा रक्सा की ओर से तीन दलों ने किया प्रवेश करीब चार किलोमीटर इलाके में टिड्डियों का प्रकोप झांसी। करोड़ों की तादात में मौजूद टिड्डियों ने तीन बड़े दल ने शुक्रवार सुबह झांसी की ओर धावा बोल दिया। रक्सा की ओर से पहुंचे टिड्डियों के इस दल ने भोजला, बड़ागांव, परीछा समेत आसपास के दर्जनों गांव के आसमान को पूरी तरह ढक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब चार किलोमीटर के पूरे इलाकों में टिड्डियों का साया रहा। यहां पहुंचते ही टिड्डियों ने पेड़-पौधों को सफाचट करना शुरू कर दिया। आम, महुआ, आंवला आदि के पेड़ समेत सब्जियों की फसल को भी टिड्डियों ने नुकसान पहुंचाया। टिड्डियों के पहुंचते ही किसान घरों से बाहर निकाल आए शोर मचाना शुरू कर दिया। ढोल, थाली, बर्तन बजाकर उनको भगाने की कोशिश की। टिड्डियों के हमले की सूचना मिलते ही मौके पर उप निदेशक कमल कटियार एवं कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार की अगुवाई में कृषि रक्षा एवं केंद्रीय टीम भी फायर टेंडर जैसे उपकरण लेकर मौके पर पहुंच गई। टीम ने वहां रसायनों का भी छिड़काव शुरू करा दिया। यहां टिड्डियों को खत्म करने के लिए ऊपर से भी छिड़काव की कोशिश की जा रही है। कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार के मुताबिक टिड्डी दल के खात्मे के लिए शाम को उनके नीचे बैठने पर रसायन का छिड़काव किया जाएगा।