झांसी। सीपरी बाजार थाना इलाके के ताज कंपाउंड में स्थित एक मकान से बुधवार की सुबह से ही सड़ांध आ रही थी। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो मकान में शव पड़ा हुआ था, जिसमें कीड़े पड़े हुए थे। मौके पर पहुंचे परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीपरी बाजार के ताज कंपाउंड में नंदकिशोर उर्फ करिया (40) रहते थे। वे शटरिंग का काम करते थे। जबकि, उनकी पत्नी नई बस्ती स्थित अपने मायके में दो बच्चों के साथ रहती है। पिछले चार-पांच दिनों से नंदकिशोर का मकान अंदर से बंद था। इस दरम्यान उनकी अपने परिजनों से कोई बातचीत भी नहीं हुई। बुधवार की सुबह से ही मकान से दुर्गंध आ रही थी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी होने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने दरवाजा खटखटाया, परंतु नहीं खुला। इसके बाद पुलिस सीढ़ी लगाकर घर में दाखिल हुई। भीतर एक सोफे पर नंदकिशोर का शव पड़ा हुआ था। उसमें कीड़े पड़े हुए थे, जिससे युवक की मौत चार-पांच दिन पहले होने का अनुमान लगाया जा रहा है। मृतक के भतीजे खुशीपुरा निवासी निखिल वर्मा ने बताया कि उसका चाचा अत्यधिक शराब पीने का आदि था और वो पिछले लंबे समय से परिवार से अलग रह रहा था। माना जा रहा है कि ज्यादा शराब के सेवन से उसकी मौत हो गई। सीओ सिटी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।